हरियाणा की कैबिनेट मीटिंग आज सिविल सचिवालय में बुलाई गई है। इस मीटिंग की अध्यक्षता सीएम नायब सैनी करेंगे। मीटिंग में करीब 13 एजेंडे रखे जाएंगे, जिसमें पूरी कैबिनेट चर्चा करेगी। बताया जा रहा है कि कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सीएम अपनी कैबिनेट मीटिंग में मुहर भी लगाएंगे। सूत्रों की मानें तो नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर के पीनल रेंट को माफ करने पर भी चर्चा की जाएगी। सबसे बड़ी बात यह है कि इस मीटिंग में कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी शामिल होंगे। दरअसल, विज पिछले दो महीने से अधिक समय से दोनों पैरों में फ्रैक्चर होने के बाद घर में ही रेस्ट कर रहे थे और ऑफिस की फाइलों को निपटा रहे थे। वह राज्यसभा चुनाव में अपना वोट करने के लिए भी व्हील चेयर पर आए थे। हालांकि अब उनके पैरों का प्लास्टर कट गया है, लेकिन डॉक्टरों ने एहतियात बरतने की सलाह दी है। हुड्डा के रेंट पर नहीं बनी थी एक राय हरियाणा सरकार की मंत्रिमंडल बैठक में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को झटका लग चुका है। उनके सरकारी आवास के पेनल रेंट पर मुहर नहीं लग पाई थी। दरअसल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा को आवंटित सरकारी कोठी का करीब ₹16.49 लाख पेनल रेंट माफ करने के प्रस्ताव चर्चा होनी थी, लेकिन मंत्रिमंडल की बैठक में इस पर एक राय नहीं बन पाई। सीएम नायब सैनी ने 6.30 घंटे चली मंत्रिमंडल की बैठक के बाद बताया कि इस मुद्दे पर प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन अब इस पर दोबारा सरकार समीक्षा करेगी। सीएम नायब सैनी ने बताया कि बैठक में करीब 31 एजेंडे रखे गए थे, जिनमें से 18 एजेंडों पर मुहर लगी। पॉलिसी-2013 में संशोधन को मंजूरी शहरी क्षेत्रों में किफायती आवास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज की बैठक में किफायती हाउसिंग पॉलिसी-2013 में संशोधन को मंजूरी दी गई है। समय के साथ निर्माण लागत, जमीन की कीमत और श्रम लागत में वृद्धि को देखते हुए, उद्योग जगत और विभिन्न संस्थाओं द्वारा दरों में संशोधन की मांग की जा रही थी। इन मांगों पर विचार करने के बाद सरकार ने औसतन 12 प्रतिशत की वृद्धि के साथ नई दरें तय की हैं। गुरुग्राम में प्रति वर्ग फुट दर में 575 रुपए की वृद्धि की गई है। अब नई दर 5 हजार 575 रुपए प्रति वर्ग फुट होगी, जो पहले 5 हजार रुपए प्रति वर्ग फुट थी। सोहना को अब कैटेगरी ‘B’ में शामिल किया गया है, जिससे उसके विकास को और गति मिलेगी। साथ ही, फरीदाबाद और सोहना के लिए अब दरें 5 हजार 450 प्रति वर्ग फुट निर्धारित की गई है।
हरियाणा कैबिनेट मीटिंग आज, 13 एजेंडों पर होगी चर्चा:CLP लीडर हुड्डा के आवास रेंट माफी पर फिर मंथन, विज भी होंगे शामिल
