राजस्थान के चुरू में स्थित सालासर बालाजी मंदिर में हिसार के श्रद्धालुओं से मारपीट का विवाद बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को भारतीय किसान सभा के पदाधिकारियों ने सुजानगढ़ SDM के ऑफिस पर प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश डूडी ने मंदिर को सरकारी नियंत्रण में लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि मारपीट करने वाले बाउंसर्स पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही मंदिर में आने वाले सोना-चांदी व चढ़ावे का हिसाब सार्वजनिक करने, वीआईपी दर्शन के नाम पर अवैध वसूली रोकने और हनुमान सेवा समिति को भंग करने की मांग की। SDM ओमप्रकाश शर्मा ने हनुमान सेवा समिति को नोटिस जारी कर 2 दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। 5 अप्रैल को हिसार का परिवार दर्शन करने के बालाजी मंदिर आया था। उनका आरोप है कि वह अपने एक रिश्तेदार को वीडियो कॉल पर दर्शन करवा रहे थे। तभी वहां मौजूद बाउंसर्स ने उनके साथ मारपीट की। महिलाओं को जमीन पर गिराकर मारा गया। उधर, इस विवाद के बीच भजन सिंगर कन्हैया मित्तल ने कहा कि मैं हिसार के परिवार के साथ हूं। बाउंसरों ने गलत किया, लेकिन पुजारियों को गुंडा कहना गलत है। SDM ने पूछा- बाउंसर किस एजेंसी के माध्यम से रखे सुजानगढ़ SDM ओमप्रकाश वर्मा ने मंदिर कमेटी को नोटिस जारी कर पूछा है कि मंदिर परिसर में तैनात गार्ड और बाउंसर किस निजी एजेंसी के माध्यम से लगाए गए हैं? उनकी नियुक्ति की प्रक्रिया क्या रही है और उन्हें किस तरह के निर्देश दिए गए हैं? बार-बार इस तरह की घटनाएं सामने आने का मुख्य कारण क्या है? ऐसी घटनाओं से न केवल मंदिर की छवि खराब हो रही है, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी प्रभाव पड़ रहा है। जानिए परिवार ने क्या आरोप लगाए…
मंदिर कमेटी ने कहा- श्रद्धालुओं ने अपनी गलती स्वीकार की मामले में सालासर बालाजी मंदिर कमेटी ने एक लेटर जारी किया है। जिसमें बताया कि सोशल मीडिया पर फैल रही खबर एकतरफा और अधूरी है। आरोप लगाने वाले श्रद्धालुओं से सालासर पुलिस थाने में थाना प्रभारी के सामने बातचीत हुई है, उन्होंने सीसीटीवी वीडियो देखकर अपनी गलती स्वीकार की। मंदिर कि महिला गार्ड के साथ मारपीट हुई है, इसके सारे सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दे दिए गए हैं। थाने में संबंधित श्रद्धालुओं ने माफी भी मांगी है। मंदिर कमेटी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण मानती है। पावन धाम में इस प्रकार का आचरण निंदनीय है। जिसका हमें गहरा खेद है। कन्हैया मित्तल बोले- पुजारियों को गुंडा कहना गलत श्रद्धालुओं से मारपीट के विवाद पर भजन सिंगर कन्हैया मित्तल भी फेसबुक पर लाइव आए। उन्होंने कहा- हिसार का परिवार दर्शन करने गया था और जो कुछ उनके साथ हुआ, वह दुखद है। अगर किसी बाउंसर ने गलत किया है तो उसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए, लेकिन पूरे पुजारी समाज को बदनाम करना ठीक नहीं है। वीआईपी दर्शन के मुद्दे पर मित्तल ने कहा कि यह व्यवस्था केवल सालासर में ही नहीं, बल्कि देश के कई प्रमुख मंदिरों में लागू है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्यों सिर्फ खाटू श्याम और सालासर को ही टारगेट किया जाता है? हिसार परिवार के साथ हूं, लेकिन पुजारियों को गुंडा कहना गलत है।
सालासर मंदिर में हिसार के श्रद्धालुओं से मारपीट का विरोध:राजस्थान में मंदिर कमेटी के खिलाफ प्रदर्शन; कन्हैया मित्तल बोले- पुजारियों को गुंडा कहना गलत
