उपदेश 2 दिन पहले ही नई चक्की लेकर आया था। इसे ट्रैक्टर में बांधकर गांव में घूम रहा था। हम लोग देखने के लिए खड़े थे। चक्की में दबाव सही नहीं पड़ रहा था, जिसके लिए मैकेनिक बुलाया गया। मैकेनिक ने पता नहीं क्या किया अचानक से ऐसा विस्फोट हुआ जैसे कहीं बम फटा हो। 100 मीटर दूर तक चक्की के पत्थर गिरे, कई घरों में दरारें आ गईं। दो की मौत हो गई और बच्चे घायल हो गए। ये कहना है आटा चक्की में विस्फोट के समय वहां खड़े प्रत्यक्षदर्शी का। उन्होंने बताया कि एक पत्थर उछलकर हरिपाल के सीने में लगा, चक्की मालिक भी घायल हो गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की वजह जानने दैनिक भास्कर की टीम जिला मुख्यालय से 60 किमी दूर मटहिया गांव पहुंची। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पहले एक नजर में मामला… मटहिया गांव के रहने वाले उपदेश (45) पुत्र गजोधर की गांव में आटा चक्की थी। तीन दिन पहले वह एक नई चक्की लेकर आए थे, जिसे ट्रैक्टर में बांधकर घर-घर ले जाया जा सकता था। गुरुवार शाम करीब 5 बजे वह अपनी चक्की लेकर गांव में निकले। गांव में गोदावरी के घर के बाहर वह गेहूं पीसने के लिए रुके थे। नई मशीन देखकर मोहल्ले के लोग और बच्चे भी वहां खड़े हो गए। गेहूं पीसने पर मोटा आटा निकल रहा था। चक्की ठीक तरह से दबाव नहीं ले रही थी। उपदेश ने पास के भीरा से एक मिस्त्री को बुलाया। मिस्त्री ने ट्रैक्टर से रेस ली तो चक्की पर तेज दबाव पड़ गया। इससे चक्की तेज विस्फोट के साथ फट गई। विस्फोट इतना तेज था की कई घरों की दीवारों में दरार आ गई। पत्थर उछलकर दूर-दूर तक गिरे। हरिपाल (45) पुत्र बिंद्रा के सीने में भी एक पत्थर लगा। चक्की मालिक उपदेश भी गंभीर घायल हो गया। दोनों को भीरा के अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में 3 लोग घायल भी हुए हैं। अब पढ़िए गांव के लोगों की बात… भास्कर टीम ने गांव में सबसे पहले प्रत्यक्षदर्शी शिवसागर से बात की। उन्होंने बताया कि सबके साथ मैं भी मौके पर खड़ा था। मिस्त्री ट्रैक्टर सही कर रहा था। अचानक तेज धमाका हुआ। एक पत्थर उछलकर हरिपाल के सीने में लगा, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर में उपदेश ही भी मौत हो गई। दो बच्चों समेत 3 लोग घायल हुए हैं, मुझे भी चोट आई है। महिला के सिर के ऊपर से निकला पत्थर
गोदावरी ने बताया मैं घर के बाहर ही दाल बीन रही थी। मेरे ही घर के बाहर चक्की रुकी थी। अचानक चक्की फटी और पत्थर गिरे। मेरे सिर के ऊपर से एक पत्थर निकल गया। हल्की सी चोट आई है। आवाज इतनी तेज थी कि कान एकदम सुन्न हो गए। कुछ देर तक तो समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ। ऐसा लगा जैसे कहीं बम फट गया हो। बेटा बोला- दो दिन पहले ही आई थी चक्की
वहीं मरने वाले उपदेश के बेटे रोविल यादव ने बताया कि मेरे पापा तीन दिन पहले नई चक्की लाए थे। चक्की में तो कोई दिक्कत नहीं थी, ट्रैक्टर गड़बड़ कर रहा था। मिस्त्री को बुलाया गया था, सुधारते समय पता नहीं क्या हुआ। हमें पापा के घायल होने की जानकारी मिली। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। धमाका होते ही सब जान बचाकर भागे
हरिराम ने बताया कि मिस्त्री ट्रैक्टर में रेस ले रहा था। उपदेश चक्की में थे। चक्की दाब नहीं लगा रही थी और मिस्त्री रेस लेता चला जा रहा था। हरिपाल भी पास में खड़े होकर देख रहे थे। धमाका होते ही सब इधर-उधर भागे। बहुत दूर-दूर तक पत्थरों के टुकड़े पड़े हैं। धमाका बहुत तेज था, हम सब लोग मरने से बच गए। 1 घंटे बाद पहुंची पुलिस
थाना अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। गांव वालों ने बताया कि धमाके के करीब 1 घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। तब तक हम लोग ही घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। खेती-किसानी से चला रहे थे परिवार
मरने वाले उपदेश की गांव में करीब 5 बीघा जमीन है। बड़ी बेटी शिल्पी देवी की शादी हो चुकी है। पत्नी उमा देवी के अलावा दो बेटे रोविल और आलोक के साथ रह रहे थे। दोनों बेटे पढ़ाई करते हैं। आटा चक्की से ही परिवार का खर्च चल रहा था। वहीं, हरिपाल की करीब 4 बीघा जमीन है। पत्नी नन्ही देवी के अलावा एक बेटी चन्द्रप्रभा है, जो एमएससी कर रही है और बेटा कृष्णा 11वीं में पढ़ाई कर रहा है। ——————————— यह खबर भी पढ़ें… बृजभूषण सिंह ने बाबा रामदेव पर गलती मानी:कहा- ऐसा नहीं कहना चाहिए था, माफी मांगने में कोई शर्मिंदगी नहीं भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह ने बाबा रामदेव पर टिप्पणी को लेकर अपनी गलती मान ली है। गोंडा में उन्होंने कहा-मैं मानता हूं कि जो बयान दिया, वह गलत था। मेरे मुंह से कुछ शब्द निकल गए। बाद में मुझे महसूस हुआ कि ऐसा नहीं कहना चाहिए था। पूर्व सांसद ने कहा- बचपन से मैंने एक उसूल बनाया है कि किसी शरीफ या गरीब को अपमानित नहीं करूंगा। अगर भूल से ऐसा हो जाए तो उससे माफी मांगने में कोई शर्मिंदगी नहीं होनी चाहिए। पढ़ें पूरी खबर…
आटा चक्की में विस्फोट से घरों में दरारें:लखीमपुर में 100 मीटर तक गिरे पत्थर, 2 की मौत; लोग बोले-ऐसा लगा जैसे बम फटा हो
