समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि सीएम नकलची हैं, दिल्ली की बात की नकल करते हैं। मुख्यमंत्री विधायकों, जनता के सवालों से बचने के लिए और उन्हें धोखा देने के लिए नया सपना दिखा रहे हैं। विधायकों को 24 घंटे जगाना और जबरदस्ती बैठाना अमानवीय काम है। अखिलेश यादव गुरुवार को सपा शासनकाल में चक गजरिया स्थित संस्कृत स्कूल के निरीक्षण के लिए निकले थे। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायकों और जनता के सवालों का सामना करने से बचना चाहती है। विधायक जनता की तकलीफ और परेशानी दिखा रहे हैं। लेकिन भाजपा सरकार जनता के मुद्दों से भाग रही है और उपेक्षा कर रही है। हम सबने देखा कि विधानसभा में चर्चा के दौरान विपक्ष तो मौजूद रहा लेकिन जिस सत्तापक्ष के सभी विधायकों, मंत्रियों को मौजूद रहना चाहिए था, वह उपस्थित नहीं थे। सुनने में आ रहा है कि मंत्रियों की ड्यूटी बारी-बारी से सोने की लगी थी। जब सरकार ही मंत्रियों को सोने के लिए कह रही है तो क्या विजन डाकूमेंट बनेगा। भाजपा सरकार विकास विरोधी है। इनका कोई विजन नहीं हुआ। इनका एक ही विजन है लूटो, भ्रष्टाचार करो, चंदा लो। अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रवासी हैं। उत्तर प्रदेश इनकी मातृभूमि नहीं है। मुझे नहीं पता कि किस कारण उत्तराखंड से यहां आये है। इनके मामा अगर मठ में न होते तो ये भी यहां नहीं होते। मुख्यमंत्री मठ में परिवार के कारण ही है। मैं तो लोकसभा बाद में पहुंचा। ये तो पहले से मठ में कब्जा किये हैं। वे मठ में परिवार के कारण है। अखिलेश ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भाजपा के सदस्य नहीं है। वे केवल चुनाव लड़ने के लिए भाजपा का सदस्य बनते है। भाजपा सरकार हर मामले में फेल हैं। इसीलिए हिन्दू-मुसलमान को आपस में लड़ाने के लिए साजिश के तहत फतेहपुर जैसी घटना की जा रही है। फतेहपुर से समाजवादी पार्टी चुनाव जीत गयी है इसलिए भाजपा को दर्द हैं। भाजपा के लोगों की नज़र जमीन पर है। पाप उन पर पड़ेगा जिन्होंने गौशाला का बजट खा लिया विधानसभा में मुख्यमंत्री के बयान कि सपा को गौमाता श्राप देंगी पर अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हर जिले में सांड़ के हमले और सांड के टकराने से लोगों की जान गयी है। इसके लिए मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार जिम्मेदार है। इन पीड़ित परिवारों का श्राप किसे लगेगा। यह पाप उन्हीं पर पड़ेगा, जिनकी सरकार है और जिनकी वजह से जान गयी है। पाप उन पर पड़ेगा जिन्होंने गौशाला का बजट खा लिया। गायों के चारे का बजट खा लिया। जानवरों को सड़कों पर घूमने के लिए छोड़ दिया। गौशाला में गायों को जेसीबी से खोद कर दबा दी जा रही है। अखिलेश ने कहा कि पाप तो उन पर पड़ेगा जिन्होंने कुंभ भगदड़ में मरने वालों की संख्या छिपा ली। संस्कृत स्कूल का किया भ्रमण भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार में बनाये गये संस्कृति स्कूल को बंद कर दिया। बजट नहीं दिया और बर्बाद कर दिया। भाजपा शिक्षा विरोधी है। भाजपा सरकार गरीबों को अशिक्षित बनाये रखने की साजिश कर रही है। स्कूलों को बंद कर रही है। शिक्षा समाज को खुशहाली के रास्ते पर ले जाती है। गरीबों का भाग्य बदलती है। लेकिन भाजपा सरकार शिक्षा के खिलाफ है। भाजपा गरीब और पीडीए परिवार को शिक्षा से दूर करने की साजिश कर रही है। इस सरकार ने 20 हजार प्राथमिक स्कूल बंद कर दिया समाजवादी सरकार ने आईटी सिटी बनाया। एचसीएल जैसी संस्था को लेकर आयी। जिसमें हजारों नौजवानों को नौकरी रोजगार मिला। दुग्ध क्षेत्र के विकास के लिए चक गंजरिया में अमूल और पराग के प्लांट लगाए गए। पांच-पांच लाख लीटर दूध को कलेक्ट किया जाता है। समाजवादी सरकार में पलासियों मॉल बना। भाजपा सरकार ने उसे बेच दिया। अखिलेश ने सपा शासनकाल में कराए गए कामों को गिनाया। केंद्र सरकार पर भी बोला हमला सीएम पर सीधा आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा कि उन्होंने जो गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे बनाया उसमें भारी भ्रष्टाचार हुआ, लूट हुई। वह जगह-जगह टूट रहा है। समाजवादी सरकार में बने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से प्रति दिन करोड़ों रूपये टोल आता है। लेकिन मेंटीनेंस नहीं हो रहा है। सरकार ने एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियां नहीं बनने दिया। यह सरकार मंहगाई, भ्रष्टाचार बढ़ा रही है। दिल्ली की भाजपा सरकार ने देश की विदेश नीति चौपट कर दी है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने इन्वेस्टर मीट के नाम पर बड़े-बड़े इन्वेस्टमेंट मीट किये लेकिन कहीं कोई कम्पनी और फैक्ट्री नहीं लगी। जब सरकार का कोई विजन ही नहीं हैं तो उद्योगपति क्यों पैसा लगायेगा। इस सरकार में इन्वेस्टमेंट के नाम पर भारी भ्रष्टाचार हुआ। पैसे की वसूली हुई। कमीशनखोरी हुई। सरकार डरी हुई है अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार 2027 की लड़ाई से डरी हुई है। 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता और पीडीए विकास और खुशहाली के लिए समाजवादी सरकार लायेगी। भाजपा सरकार ने नौ सालों में कोई काम नहीं किया। हर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को बर्बाद किया है। समाजवादी सरकार ने प्रदेश में जितने काम किए थे। गोमती रिवर फ्रंट, जेपीएनआईसी सब बर्बाद कर दिया। सपा ने दिया शपथपत्र, आयोग उस पर कार्रवाई करे अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को मतदाता सूची में डिलीटेड 18 हजार वोटरों की शपथ पत्र के साथ जो सूची दी है उन नामों को काटने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उपचुनाव में जिस जिले में मतदाताओं को वोट डालने से रोका गया वहां के जिलाधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। अगर कार्रवाई हो जायेगी तो वोटर लिस्ट ठीक हो जाएगी। चुनाव निष्पक्ष होंगे कोई वोट की डकैती नहीं कर पायेगा।
अखिलेश बोले, मंत्रियों की ड्यूटी बारी-बारी से सोने की लगी:सीएम को लेकर कहा, इनके मामा अगर मठ में न होते तो ये भी यहां नहीं होते
