राज्य में 66%, तो पश्चिमी सिंहभूम में 91% ज्यादा बारिश:अगले 5 दिन बारिश-आकाशीय बिजली का अलर्ट; आज पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना

राज्य में 66%, तो पश्चिमी सिंहभूम में 91% ज्यादा बारिश:अगले 5 दिन बारिश-आकाशीय बिजली का अलर्ट; आज पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना

बंगाल की खाड़ी के मध्य से लेकर उत्तरी हिस्से में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसका असर झारखंड के मध्य और पूर्वी जिलों में देखने को मिल रहा है। रांची में सोमवार दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक लगातार दो घंटे तेज बारिश हुई, जिससे कई सड़कों पर जलजमाव हो गया। पाकुड़ और जमशेदपुर में भी बारिश का यही हाल रहा। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 12 और 13 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र और अधिक सक्रिय होगा। इसके कारण 12, 13 और 14 अगस्त को राज्य के ज्यादातर इलाकों में बारिश होगी। 15 अगस्त को भी दोपहर बाद बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। एक जून 2025 से अब तक झारखंड में 863 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि इस अवधि में औसत वर्षा 616.9 मिमी होती है। यानी इस साल अब तक 40 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। रांची में अब तक 1057.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो औसत से 66 प्रतिशत अधिक है। पूर्वी सिंहभूम में तो 1275.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो औसत से 91 प्रतिशत ज्यादा है। दोपहर बाद हो सकती है झमाझम बारिश मौसम विभाग ने बताया कि बारिश विशेष रूप से दोपहर 1 बजे के बाद शुरू हो सकती है और 3 से 4 घंटे तक लगातार हो सकती है। इस दौरान पूरे राज्य में तीव्र वज्रपात और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। सरायकेला सबसे गर्म, पाकुड़ में सबसे ज्यादा बारिश पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज हुआ। सबसे न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रहा। पाकुड़ के महेशपुर में 145.6 मिमी बारिश हुई, जो राज्य में सबसे अधिक रही। रांची में 44 मिमी, बोकारो में 4 मिमी और जमशेदपुर में 1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। 13 अगस्त से मौसम में बदलाव मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि फिलहाल जो बारिश हो रही है, वह वज्रपात वाले बादलों के कारण है। 13 अगस्त से निम्न दबाव का क्षेत्र अधिक सक्रिय होगा, जिससे बादल निचले स्तर पर आएंगे और पूरे राज्य में तेज हवा, वज्रपात व भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। स्वतंत्रता दिवस पर भी बरसेंगे बादल मौसम विभाग के अनुसार 15 अगस्त को भी दोपहर बाद कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रांची में प्रतिदिन बादल छाए रहेंगे और दोपहर के बाद कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *