पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल चुनाव:अपने ही गढ़ में पिछड़े भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका, संगठन और सियासी सपोर्ट नहीं आया काम

Spread the love

रोहतक में पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल चुनाव के दौरान जिले में 18 मार्च को वोटिंग हुई थी, जिसके चौंकाने वाले नतीजे सामने आए है। भाजपा जिलाध्यक्ष और पूर्व बार प्रधान रणवीर ढाका अपने ही गढ़ में बुरी तरह पिछड़ गए। 4,165 में से 2,899 वोट पड़े, लेकिन रणवीर ढाका महज 181 वोट ही हासिल कर सके। भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका का बार और राजनीति, दोनों में मजबूत नेटवर्क माना जा रहा था। वे कई बार रोहतक बार एसोसिएशन के प्रधान और बार काउंसिल के उपप्रधान रह चुके हैं। चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्री तक से समर्थन की अपील की। समर्थकों का दावा था कि पार्टी स्तर से वकीलों को उनके पक्ष में सक्रिय किया गया, लेकिन नतीजों ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया। गैर भाजपा वकीलों ने बदल दिया समीकरण सूत्रों के अनुसार भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका ने इस बार गैर-भाजपा वकीलों पर भी दांव लगाया। कांग्रेस और अन्य दलों से समर्थन जुटाने की कोशिश की, लेकिन आखिरी समय पर समीकरण बदल गए। एक कांग्रेसी अधिवक्ता, जिन पर ढाका ने भरोसा जताया था, उन्होंने अपने ही रिश्तेदार को मैदान में उतार दिया। इससे वोट बैंक बिखर गया और रणनीति पूरी तरह फेल हो गई। भाजपा की अंदरूनी कलह बनी हार का कारण सूत्रों के अनुसार भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका की हार के पीछे भाजपा की अंदरूनी कलह को अहम कारण माना जा रहा है। लंबे समय से ढाका पर आरोप लगते रहे कि उन्होंने संगठन के बजाय अपनी बी-टीम तैयार की, जिसमें दूसरे दलों के वकीलों को अहम पद दिए गए। इससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती रही और इस चुनाव में वही असंतोष खुलकर सामने आया। जिलाध्यक्ष के पद पर पड़ सकता है असर भाजपा सूत्रों के अनुसार रोहतक बार की गिनती ने यह साफ कर दिया कि रणवीर ढाका की अपने जिले में पकड़ कमजोर पड़ चुकी है। जिस बार में वे कई बार प्रधान रह चुके हैं, वहीं से इतना कम समर्थन मिलना, उनके राजनीतिक भविष्य पर सवाल खड़े कर रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस नतीजे के बाद रणवीर ढाका की जिलाध्यक्ष कुर्सी पर भी असर पड़ सकता है। रोहतक बार में डाले वोटों में प्रथम वरीयता
रोहतक बार में डाले गए 2899 वोटों में से अंजली सहरावत को 799 वोट, विजेंद्र अहलावत को 521, बलवान सुहाग को 244, रणवीर ढाका को 181, दिव्या दहिया को 16 व योगेश शर्मा को मात्र 5 वोट ही मिले है। अभी दूसरी वरीयता का परिणाम आना बाकी है।