करनाल में टावर से गिरकर युवक की मौत:बैंक बिल्डिंग पर काम कर रहा, अचानक पैर फिसलने से हुआ हादसा

Spread the love

करनाल के सेक्टर-6 इलाके में बैंक के ऊपर लगे टावर पर काम कर रहे एक युवक की पैर फिसलने से नीचे गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई ।आसपास के लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी हाउस भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बड़ा गांव निवासी 23 वर्षीय दीपक पुत्र सतबीर के रूप में हुई है। वह अविवाहित था और पिछले चार-पांच साल से टावर पर काम कर रहा था। उसके मौसेरे भाई ने बताया कि दीपक सेक्टर-6 में बैंक की एक बिल्डिंग पर लगे टावर पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। अस्पताल में तोड़ा दम घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायल दीपक को करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार उन्हें यह जानकारी नहीं है कि हादसे के समय दीपक ने सेफ्टी किट पहनी हुई थी या नहीं। पुलिस जांच में जुटी मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी दीपक शर्मा ने बताया कि युवक आईसीआईसीआई बैंक की बिल्डिंग के ऊपर लगे टावर पर अकेले काम कर रहा था। जानकारी मिली है कि युवक का पैर फिसला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सेफ्टी बेल्ट का उपयोग किया गया था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।