अनूपपुर जिले के कोतमा बस स्टैंड के पास शनिवार शाम अग्रवाल लॉज की तीन मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में हनुमान दीन यादव (55) और इनके साले राम कृपाल यादव (40) की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे एक महिला का शव मिला। अब मृतकों की संख्या तीन हो गई है। महिला की पहचान राधा कोल के रूप में हुई है। 24 घंटे तक रेस्क्यू चलता रहा। रविवार शाम 5 बजे के बाद जमीन समतल हो सकी। इस दौरान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, लोकल समेत 100 से ज्यादा लोग मलबा हटाने में जुटे रहे। वहीं सर्चिंग के लिए भिलाई और बनारस से भी टीमें बुलाई गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिल्डिंग गड्ढे की ओर झुककर गिरी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पास में निर्माण के लिए करीब 12 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पानी भरने से नींव कमजोर हो सकती है। अनूपपुर पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान ने बताया कि कोतमा थाने में भूमि स्वामी राजीव गर्ग और लॉज मलिक लल्लू लाल अग्रवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 290, 106 के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं निर्माण की अनुमति को लेकर भी सवाल उठे हैं। नगर पालिका का कहना है कि दस्तावेज देखने के बाद ही स्थिति साफ होगी। वहीं कलेक्टर हर्षल पंचोली ने सरकार की तरफ से प्रत्येक मृतक के परिवार को 9-9 लाख और घायलों को ढाई-ढाई लाख रुपए देने की घोषणा की। देखिए सर्च ऑपरेशन की 3 तस्वीरें… खबर के मिनट-टू-मिनट अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
अनूपपुर लॉज हादसा- तीसरा शव मिला:मृतकों के परिवार को 9-9 लाख, घायलों को ढाई-ढाई लाख मिलेगा; जमीन और लॉज मालिक पर FIR
