हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबाला की टीम ने महिला हेल्प डेस्क की इंचार्ज को 33 हजार रुपए की रिश्वत के साथ रंगे हाथ पकड़ा है। महिला ASI ने पारिवारिक झगड़े में पति के हक में बयान दर्ज करने के एवज 50 हजार रुपए मांगे थे, लेकिन शिकायतकर्ता से 35 हजार रुपए में बात पक्की हो गई थी। इसमें शिकायतकर्ता ने 2 हजार रुपए पहले ही दिन महिला ASI को थमा दिए थे। आज शुक्रवार शाम को बकाया राशि के लिए ASI ने शिकायतकर्ता को कोर्ट एरिया के पास बुलाया था। यहां जैसे ही शिकायतकर्ता से ASI ने पैसे पकड़े, तभी ACB की टीम ने उसे काबू कर लिया। टीम ने उससे चिह्नित 33 हजार रुपए भी बरामद कर लिए। भाभी ने दी परिवार की शिकायत शाहाबाद के शरीफगढ़ गांव के रहने नवदीप सिंह ने शिकायत में बताया कि पंजाब के जालंधर का रहने वाला सिमरनजीत सिंह उसके ताऊ का बेटा है। उसकी शादी 15 सितंबर 2024 को प्रभजीत कौर बेटी हरमीत सिंह निवासी ज्योतिसर के साथ हुई थी। शादी के करीब 6 महीने बाद 2 अप्रैल 2025 को लड़की के पिता अपनी बेटी को घर ले आए थे। एक सप्ताह बाद भेजना था ससुराल उसके पिता ने प्रभजीत कौर की मां के जन्मदिन और कुछ काम का बहाना बनाया था। साथ ही एक हफ्ते बाद वापस ससुराल छोड़ने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक साल बाद भी उसे ससुराल नहीं भेजा। साथ ही सिमरनजीत सिंह के खिलाफ थाना केयूके थाने में महिला हेल्प को शिकायत कर दी। 10 लाख मांगने का आरोप लगाया थाने से बुलावा आने पर वह अपने चचेरे भाई सिमरनजीत सिंह के साथ हेल्प डेस्क पर पहुंचे, यहां महिला हेल्प डेस्क की इंचार्ज ASI शर्मिला मलिक ने दोनों को अलग-अलग बुलाया। ASI ने साफ कहा कि लड़की वाले 10 लाख रुपए मांग रहे हैं। साथ ही लड़की वालों ने पहले ही कोर्ट में सेक्शन-9 की अपील कर रखी है। फिर भी ASI शर्मिला मलिक ने उनकी मदद का आश्वासन दिया। बयान पक्ष में लिखने के एवज में मांगी रिश्वत इस एवज में ASI उसे एक तरफ ले गई और बयान उनके पक्ष में लिखने का भरोसा दिया। इस एवज में उसने 50 हजार रुपए मांगे, जिस पर उसने 50 हजार रुपए ज्यादा होने की बात कही। तब ASI ने 35 हजार रुपए में काम करने का भरोसा दिया। इसमें उसने एडवांस पैसे मांगे। उसने उसी वक्त अपनी जेब से 2 हजार रुपए निकालकर ASI को पकड़ा दिए। बकाया पैसे लेकर कोर्ट के पास बुलाया पैसे लेकर ASI शर्मिला मलिक ने सिमरनजीत सिंह से कोरे कागज पर साइन भी करवा लिए। साथ ही बाकी 33 हजार रुपए देने के बाद बयान उनके पक्ष में लिखने का भरोसा दिया। आज शुक्रवार को उसने बकाया 33 हजार रुपए लेकर कोर्ट के पास बुलाया था। इससे पहले उसने ACB को शिकायत दी। ACB ने रंगे हाथ पकड़ा आज ACB की टीम ने नवदीप सिंह को 500-500 रुपए के 66 चिह्नित नोट (33 हजार रुपए) देकर कोर्ट एरिया में भेज दिया। यहां जैसे ही ASI ने शिकायतकर्ता से पैसे लिए, तभी टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला ASI के कब्जे से 33 हजार रुपए जब्त किए। आरोपी के खिलाफ करप्शन एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
कुरुक्षेत्र में 33 हजार रिश्वत लेते लेडी ASI काबू:पंजाब के दंपति का झगड़ा, पति के पक्ष में बयान लिखने का भरोसा दिया
