करनाल जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में एक गांव में मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। घटना उस समय हुई, जब एक महिला के साथ गाली-गलौज का विरोध किया गया। घायल युवक को सिर और बाजू में चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पत्नी से विवाद के बाद बढ़ा मामला गांव रसीन निवासी सलिन्द्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती 29 मार्च को उसकी पत्नी घर से बाहर कूड़ा डालने गई थी। इसी दौरान गली के चौक में शुभम पुत्र कृष्ण उर्फ बिट्टू ने उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की। पत्नी ने घर आकर पूरी बात बताई, जिसके बाद वह आरोपी से पूछताछ करने गया। पीछे से कुल्हाड़ी से किया हमला सलिन्द्र के अनुसार जब वह शुभम से बात करने पहुंचा, तो आरोपी ने पीछे से उस पर कुल्हाड़ी/गंडासी से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर और बाएं हाथ पर चोटें आईं। आरोपी ने उसे रास्ते में रोककर मारपीट भी की और जान से मारने की धमकी दी। मेडिकल रिपोर्ट में दो चोटें दर्ज घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया और मामले की शिकायत मधुबन थाना को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई राममेहर को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर बीती शाम मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है, आरोपियों को जल्द ही पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों को थाने में भी बुलाया जाएगा, ताकि विवाद के कारणों का सही तरीके से पता चल सके।
करनाल में युवक पर कुल्हाड़ी से हमला:पत्नी को गाली देने का विरोध, पीछे से वार; मारने की दी धमकी
