सोनीपत मिनी सचिवालय के पास टावर पर चढ़ा व्यक्ति:लोगों ने नीचे से लगाई आवाज; पुलिस के पहुंचने का इंतजार

Spread the love

सोनीपत शहर के मिनी सचिवालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुराने डीसी कार्यालय के नजदीक लगे एक ऊंचे टावर पर एक अज्ञात व्यक्ति चढ़ गया। व्यक्ति काफी देर से टावर के ऊपर बैठा हुआ है और उसकी पहचान व चढ़ने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन और पुलिस को दी। जिसके बाद पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और ऐसे मामलों की बढ़ती घटनाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। टावर पर चढ़ा अज्ञात व्यक्ति जानकारी के अनुसार, व्यक्ति अचानक टावर पर चढ़ गया और ऊपर जाकर बैठ गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह व्यक्ति कौन है और किस कारण से उसने यह कदम उठाया।
खोखा संचालकों ने दी प्रशासन को सूचना कोर्ट परिसर में बैठे खोखा संचालकों ने सबसे पहले टावर पर चढ़े व्यक्ति को देखा। उन्होंने तुरंत जिला प्रशासन और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद प्रशासन के अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की तैयारी की जा रही है। पुलिस के पहुंचने का इंतजार, जांच जारी घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि व्यक्ति किस वजह से टावर पर चढ़ा है।
पहले भी सामने आ चुके ऐसे मामले यह पहला मामला नहीं है, जब किसी व्यक्ति ने टावर पर चढ़कर हंगामा किया हो। इससे पहले सोनीपत के राई विधानसभा क्षेत्र के असावरपुर गांव में भी एक किसान कई दिनों तक टावर पर चढ़ा रहा था, जिससे प्रशासन के लिए स्थिति संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया था। सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन के लिए यह जरूरी हो गया है कि टावर जैसी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।