अयोध्या में परिवहन मंत्री के यज्ञ स्थल में लगी आग:राम मंदिर से 800 मीटर दूर हादसा; 1251 कुंड के साथ पंडाल जलकर राख

Spread the love

अयोध्या में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के यज्ञ स्थल में शनिवार दोपहर 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। एक एकड़ में फैला यज्ञ स्थल कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गया। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त यज्ञशाला खाली थी। करीब डेढ़ घंटे पहले ही मंत्री का 9 दिवसीय लक्ष्मीनारायण यज्ञ पूर्ण हुआ था। उस वक्त करीब 50 हजार से अधिक लोग मौजूद थे। यज्ञ स्थल, राम मंदिर से 800 मीटर दूर है। बताया जा रहा है कि यज्ञ के पूर्ण होने के बाद एक नारियल फूटने से चिंगारी निकली, जिससे कपड़े से बने पंडाल में आग पकड़ ली। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा- कोई जनहानि नहीं हुई है। सब नियंत्रित है। एक फायर ब्रिगेड मौके पर मौजूद था। उसने तुरंत आग पर काबू पा लिया। 2 तस्वीरें देखिए… यज्ञशाला में 1251 हवन कुंड बने थे अयोध्या में हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के 9 दिवसीय यज्ञ के लिए यज्ञशाला में 1,251 हवन कुंड बने थे। शनिवरा को आखिरी दिन यज्ञशाला में 5 हजार से अधिक यजमानों ने आहुति दी। यज्ञशाला खाली नहीं होता तो बड़ा हादसा हो जाता यज्ञ में शामिल एक व्यक्ति ने बताया- पिछले नौ दिन से लक्ष्मी नारायण यज्ञ चल रहा था। आज पूर्णाहुति थी। 28 मार्च की सुबह 7 बजे से 1251 यज्ञ कुंड में लोग आहुति दे रहे थे। इस दौरान करीब 50 हजार से अधिक लोग होंगे। विधि-विधान से मंत्रोच्चारण के बीच साढ़े 10 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति दी गई। इसके बाद काफी संख्या में लोग घर चले गए थे। अचानक किसी यज्ञ कुंड में रखा नारियल फटा और उसकी चिंगारी से पंडाल चपेट में आ गया। संयोग अच्छा था कि यज्ञ समाप्त हो चुका था और पूरा पंडाल खाली था। खबर लगातार अपडेट की जा रही है….