ईंट भट्ठे की दीवार गिरने से एक की मौत, चार घायल
बरेली, 22 मार्च (हि.स.)। थाना मीरगंज क्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। नेशनल हाईवे के किनारे स्थित ईंट भट्ठे की कच्ची दीवार गिरने से पांच मजदूर मलबे में दब गए। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहसील मीरगंज के परौरा गांव के पास दुर्गा ब्रिक फील्ड नामक ईंट भट्ठे पर मजदूर शनिवार सुबह ईंटों की भराई कर रहे थे। इसी दौरान एक गज चौड़ी कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। इसमें पांच मजदूर दब गए। घटना के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मलबा हटाने के लिए जेसीबी और क्रेन मंगवाई गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद चार मजदूरों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। इस हादसे में छोटे लाल निवासी धनैट की मौत हो गई। उसका शव करीब तीन घंटे बाद बाहर निकाला गया। वहीं, घायल मजदूरों में बबलू पुत्र तिरमल, निवासी परौरा, राजीव पुत्र घासीराम, निवासी धनैटा, सरार पुत्र इकरार, निवासी नल नगरिया और नन्हें बाबू पुत्र मो. हुसैन, निवासी बलूपुरा आदि हैं। घटना के बाद मजदूरों के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को समझाकर हाईवे खाली कराया। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।