मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। शिवराज सिंह बोले मंत्र, खुद ही करा दी पूजा मामा जी यानी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तो गजब ही कर दिया। चलती पूजा में पंडित जी के हाथ से माइक लेकर खुद ही मंत्रोच्चार शुरू कर दिया और पंडित जी देखते रह गए। दरअसल, रायसेन में 11 से 13 अप्रैल तक राष्ट्रीय कृषि मेले का आयोजन होना है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर भूमिपूजन करने पहुंचे थे। इस दौरान पंडित जी मंत्र बोलकर उनसे पूजा करा रहे थे, तभी शिवराज सिंह ने अचानक उनसे माइक ले लिया और अपना टैलेंट दिखा दिया। शिवराज सिंह किसी पारंगत पंडित की तरह मंत्र बोलने लगे। यह नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया। अब लोग कह रहे हैं कि शिवराज सिंह शायद जल्दी में रहे होंगे। इसलिए पूजा की कमान अपने हाथ में ले ली और रफ्तार बढ़ा दी। रामलला के दर पर पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद पहली बार भगवान रामलला के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने ‘जय श्रीराम’ लिखा हुआ भगवा दुपट्टा ओढ़ रखा था। मंदिर परिसर में बैठकर उन्होंने ध्यान भी लगाया। इसके साथ ही दिग्विजय सिंह ने हनुमानगढ़ी मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। दिग्विजय सिंह के इस दौरे को लेकर सियासत भी गरमा गई। भाजपा नेताओं ने उन पर तंज कसे। मध्य प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि दिग्विजय सिंह अपनी राज्यसभा सीट जाने के बाद तरह-तरह के प्रयास कर रहे हैं। मुझे लगता है कि या तो वे उसी राज्यसभा सीट को मांगने गए हैं या फिर गांधी परिवार पर प्रेशर बनाने गए हैं। हालांकि, दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम धर्म का दुरुपयोग न तो व्यवसाय के लिए करते हैं और न ही राजनीति के लिए। देरी से अयोध्या आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब प्रभु का बुलावा आता है तो हर व्यक्ति आ ही जाता है। उन्हें जब बुलावा आया तो वे उपस्थित हो गए। अब खरी बात यह है कि दिग्विजय सिंह खुद को पक्का सनातनी बताते हैं, लेकिन सियासी गलियारों में यह चर्चा भी है कि वे एक मंजे हुए नेता हैं और कोई भी कदम बिना सोचे-समझे नहीं उठाते। सीएम ने हनुमान जी के चरणों में बैठकर की पूजा पांढुर्णा दौरे पर आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भगवान हनुमान की भक्ति में रंगे नजर आए। उन्होंने जाम सांवली में हनुमान लोक का लोकार्पण किया और भगवान हनुमान के चरणों में बैठकर पूजा-अर्चना भी की। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान राम नवमी के दिन रामभक्त हनुमान जी के धाम का लोकार्पण होना, हमारे लिए रामराज्य के प्रति आस्था का परिचायक है। सीएम ने मंच से ‘जय-जय श्रीराम’ के नारे भी लगवाए। उन्होंने अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा- हमारी सरकार भी एक तरीके से काम कर रही है: ‘सच्चा वादा, पक्का काम… प्रेम से बोलो जय श्रीराम।’ राम भजन पर झूमकर नाचे मंत्री दिलीप अहिरवार मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार के मंत्री भी कम नहीं पड़ रहे हैं। छतरपुर में वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार राम भजनों पर जमकर झूमते नजर आए। डीजे पर संगीत बजते ही मंत्री ने गजब की फुर्ती के साथ डांस मूव्स भी दिखाए। मंत्री दिलीप अहिरवार प्रभात फेरी में शामिल हुए थे। इस दौरान वे ‘राम जी की निकली सवारी’ भजन पर झांझ और करताल बजाते हुए जमकर थिरकते नजर आए। इनपुट सहयोग – देव शाक्य (रायसेन), विजय सिंह बघेल (भोपाल), काशीनाथ बालपांडे (पांढूर्णा), राजेश चौरसिया (छतरपुर) ये भी पढ़ें –
थाने में महिला की अजीब हरकत, पुलिस के हाथ-पांव फूले: पेट्रोल नहीं मिला, घोड़े पर दफ्तर आया बैंककर्मी ग्वालियर के भितरवार थाने में एक अजीब वाकया सामने आया। पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक दंपती को रोका गया और चालान के लिए बाइक की चाबी थाने में ले गए। पति जब चर्चा के लिए थाने में पहुंचा, तभी उसकी पत्नी भी आ गई। आते ही महिला चिल्लाने लगी और अजीब हरकतें करने लगी। यह देखकर पुलिसकर्मी घबरा गए। पूरी खबर पढ़ें
शिवराज ने पंडित जी से माइक लिया, करने लगे मंत्रोच्चार:रामलला के दर पर दिग्विजय की हाजिरी; डीजे की धुन पर मंत्री का ‘स्पीड’ डांस
