नारनौल में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और बाद में दहेज की मांग कर शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी युवक व उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता गांव कादीपुरी की महिला ने बताया कि उसकी बेटी से केशव नगर के रितेश नामक युवक ने 4 अक्टूबर 2025 को पंचकूला स्थित एक संस्था में लव मैरिज की थी। आरोपी ने बाद में गांव में हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने का भरोसा दिया और इसी बहाने युवती के साथ कई बार गलत संबंध बनाए। 26 को होनी थी शादी पीड़िता की शादी 26 मार्च 2026 को तय की गई थी और परिवार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। आरोप है कि 24 मार्च को जब परिजन लग्न लेकर आरोपी के घर पहुंचे तो वहां उसकी बहन ने सोने का कंगन, चैन और एक कार समेत अन्य सामान की मांग रखी। शादी से कर दिया इंकार इसके बाद आरोपी के माता-पिता व रिश्तेदारों ने उसे छिपा दिया और शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता पक्ष ने आरोप लगाया कि उन्होंने शादी की पूरी तैयारियां कर ली थीं, टेंट और खानपान की व्यवस्था भी हो चुकी थी। पुलिस ने किया मामला दर्ज मामले में थाना शहर नारनौल पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(M), 85 व 316(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नारनौल में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म:ससुराल पक्ष पर दहेज मांगने का आरोप; पहले पंचकूला संस्था में कर चुके विवाह
