सोनीपत शहर में स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में मामूली कहासुनी ने खूनी झगड़े का रूप ले लिया, जहां काम करने वाले लोगों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया गया। गैस बंद करने को लेकर शुरू हुआ विवाद शाम होते-होते हिंसक टकराव में बदल गया और आरोपियों ने चाकू व ईंट से हमला कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को पहले सीएचसी खरखौदा ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। झगड़े के दौरान कराया शांत पुलिस को दी शिकायत में राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपने माता-पिता के साथ सैदपुर स्थित प्लास्टिक कंपनी में काम करता है। गैस बंद करने की बात को लेकर सहकर्मी राकेश से उसका झगड़ा हुआ था, जिसे उस समय अन्य कर्मचारियों ने शांत करा दिया। शाम करीब 7 बजे जब वह अपने पिता नेपाल सिंह और माता रेखा के साथ काम कर रहा था, तभी राकेश अपने साथियों मोहित और विनय के साथ आया और झगड़े का बदला लेने की बात कहकर हमला कर दिया। परिवार पर जानलेवा हमला शिकायत के अनुसार, मोहित ने पहले उसकी माता रेखा के सिर पर ईंट से वार किया। इसके बाद जब परिवार खुद को बचाकर फैक्ट्री से बाहर सड़क की ओर निकला, तो आरोपी पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए मोहित और विनय चाकू लेकर आए थे, जबकि राकेश भी उनके साथ था। आरोप है कि तीनों ने रास्ता रोककर जान से मारने की नीयत से चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और लात-घूंसे भी मारे। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। तीनों घायलों की हालत गंभीर हमले में नेपाल सिंह, राजेंद्र और रेखा गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार नेपाल सिंह के पेट में चाकू लगने से आंत बाहर निकल आई, जो गंभीर स्थिति को दर्शाता है। राजेंद्र को चार गहरी चोटें आई हैं, जबकि रेखा के सिर व शरीर पर दो चोटें पाई गई हैं, जिनमें एक तेजधार हथियार और एक कुंद वस्तु से लगी है। प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को PGIMS रोहतक रेफर किया गया, जहां नेपाल सिंह की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस पुलिस चौकी सैदपुर टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 118(1), 109(1), 351(3) और 3(5) के तहत थाना खरखौदा में दर्ज किया है। मामले की स्पेशल रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और एफएसएल टीम को भी मौके पर जांच के लिए सूचित किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
सोनीपत में मां-बेटे समेत व्यक्ति पर चाकू से हमला:फैक्ट्री में गैस बंद करने को लेकर झगड़ा; रोहतक PGI रेफर
