हरियाणा कांग्रेस MLA इसराइल बोले-राज्यसभा में प्रत्याशी पसंद नहीं था:कहा- मैंने मन की करी, पार्टी अपने मन की कर ले; विश्वासघाती बता बेटा तोड़ चुका रिश्ता

Spread the love

हरियाणा में पलवल की हथीन विधानसभा सीट के कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल ने राज्यसभा चुनाव में हुई क्रास वोटिंग को लेकर कई राज खोले हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध पसंद नहीं थे, न ही बौद्ध ने वोट मांगी। उनकी जगह कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान अगर प्रत्याशी होते तो जरूर वोट देते। इसराइल उन 5 विधायकों में शामिल हैं, जिन्होंने कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग के लिए नोटिस जारी किया है। इस नोटिस के बाद इसराइल ने अपने दफ्तर और सोशल मीडिया पोस्ट से कांग्रेस का नाम-निशान हटा दिया है। इसी संबंध में दैनिक भास्कर एप की टीम ने विधायक से संपर्क किया। इस पर उन्होंने कहा कि अभी वह कैमरा पर कुछ नहीं बोलेंगे। एक-दो दिन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। हालांकि कैमरा बंद रखने की शर्त पर बात की और कई बातें बताईं। उन्होंने पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर नाराजगी के कारण बताए। इस बातचीत के दौरान खास बात यह रही कि 22 मार्च को एमएलए के बेटे नाजिम चौधरी ने पिता से रिश्ता खत्म करने की बात कही थी। नाजिम ने कहा था कि पिता ने कांग्रेस के साथ विश्वासघात किया है। बेटे के रिश्ता तोड़ने के सवाल पर इसराइल ने चुप्पी साध ली। सवाल-जवाब में जानिए कांग्रेस विधायक ने क्या खास बातें कहीं… सवाल : राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग के आरोप पर क्या कहना है? विधायक: कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सीट के लिए कर्मवीर बौद्ध को उम्मीदवार बनाया। बौद्ध मुझे पंसद नहीं थे। इसलिए मैंने निर्दलीय उम्मीदवार को वोट किया। बौद्ध ने तो कभी मुझसे वोट की अपील भी नहीं की। बस एक बार फोन पर बात हुई तो सही से जवाब नहीं दिया। हां, अगर कर्मवीर की जगह पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान को खड़ा किया जाता तो मैं कांग्रेस को वोट देता। सवाल: पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्‌डा से अब इतनी दूरियां क्यों बन रही है? विधायक: हमारे वालिद साहब स्वर्गीय चौधरी जलेब खां ने 2009 में भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा को प्रदेश का सीएम बनाने की लड़ाई लड़ी। मगर, हुड्डा ने 2024 के विधानसभा चुनाव में मेरा टिकट काटने की कोशिश की। मेरा भरोसा तब टूटा, जब चुनाव से पहले 5 अगस्त को चौधरी हर्ष कुमार को पलवल में पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल की रैली में हुड्‌डा साहब ने पार्टी में शामिल किया। मैं चाहता था कि हर्ष कुमार को अगर पार्टी में शामिल कराना भी है तो हुड्डा की बजाय सैलजा गुट से शामिल कराया जाए। सवाल :अब कांग्रेस अनुशासन समिति ने आपसे स्पष्टीकरण मांगा है, उसको लेकर क्या कहना है? विधायक: मैने अपना स्पष्टीकरण तैयार किया हुआ है, जब पार्टी मांगेगी दे दूंगा। अभी मैं अपने लोगों से विचार विमर्श कर रहा हूं। हथीन की जनता ने मुझे विधायक बनाया है। एक बात पक्की है कि अगर अगला चुनाव लड़ूंगा तो कांग्रेस से नहीं लड़ूंगा। मेरा जो करने का मन था, वो मैंने किया। अब पार्टी का जो मन है, वो कर सकती है। सवाल : भूपेन्द्र हुड्‌डा से काफी नाराजगी है आपकी? विधायक: बिल्कुल नाराजगी है और अगर नाराजगी नहीं होती तो यहां तक बात ही नहीं पहुंचती। मैं उसी समय पार्टी छोड़ रहा था जब मार्च 2024 में बृजेन्द्र सिंह बीजेपी को छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए थे। मगर, चौधरी उदयभान के कारण मैंने पार्टी को नहीं छोड़ा। सवाल : ऐसी चर्चाएं हैं कि सीएम नायब सैनी से आपकी मुलाकात हुई, कुछ आश्वासन मिले हैं? विधायक: सीएम किसी पार्टी के नहीं है बल्कि पूरे हरियाणा के हैं। विधानसभा में मैंने अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाए। हलके की मांगों को लेकर CM से मिलता रहता हूं। खतों में पानी भरने की समस्या को सीएम साहब ने दूर कराया है। सवाल : शहीदी दिवस पर आपके पोस्टर से कांग्रेस का नाम-निशान क्यों गायब कर दिया गया? विधायक: मेरे मन में जो था मैंने कर दिया, अब पार्टी के जो मन में है वो करे। मैं जनता की आवाज पहले भी उठाता आया हूं, आगे भी उठाता रहूंगा। सवाल : आपके बेटे नाजिम चौधरी ने विश्वासघात का आरोप लगाकर आपसे सभी रिश्ते तोड़ लिए? विधायक: बेटे ने मेरे लिए क्या कहा, इस पर मैं कोई कमेंट नहीं करना चाहता हूं। मैं मानता हूं वो पढ़ा-लिखा बच्चा है। समझदार है, उसने जो किया वो अपनी समझ से किया। हरियाणा सरकार ने अचानक बढ़ाई है विधायक की सिक्योरिटी उधर, हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग में नाम आने के बाद हथीन से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल को नाराजगी भी झेलनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि इसी को देखते हुए इसराइल की सुरक्षा अचानक बढ़ा दी गई है। हरियाणा पुलिस ने उनकी सुरक्षा में पुलिस के 6 जवान तैनात किए हैं। पायलट गाड़ी में उनके साथ 4 सुरक्षाकर्मी रहेंगे, जबकि 2 सुरक्षाकर्मी उनके हथीन स्थित आवास पर तैनात किए गए हैं। पहले उनके पास 2 PSO पहले से ही थे। बीते शनिवार को फरीदाबाद के हथीन में उनके आवास पर जिले के कई अधिकारी भी उनसे मिलने पहुंचे थे। ————————– ये खबर भी पढ़ें…. क्रॉस वोटिंग करने वाले MLA के बेटे ने तोड़ा रिश्ता:कहा-पिता ने विश्वासघात किया, मैं कांग्रेस पार्टी के साथ; हरियाणा सरकार ने इसराइल की सिक्योरिटी बढ़ाई हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग में नाम आने के बाद हथीन से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल को परिवार की नाराजगी भी झेलनी पड़ रही है। उनके बेटे नाजिम चौधरी ने कहा-पिता ने विश्वासघात किया है, मैं उनके साथ रिश्ता तोड़ रहा हूं। इसी बीच इसराइल की सुरक्षा अचानक बढ़ा दी गई है। (पूरी खबर पढ़ें)