यूपी के कैप्टन साथी को बचाने में शहीद:नदी के तेज बहाव में फंसे; पिता बोले- सिर पत्थर से टकराया

Spread the love

यूपी के गाजीपुर में रहने वाले 25 साल के कैप्टन की देहरादून में साथी को बचाने के दौरान जान चली गई। प्रैक्टिस के दौरान एक जवान नदी के तेज बहाव में फंस गया था। यह देख कैप्टन प्रशांत चौरसिया नदी में कूद पड़े। उन्होंने साथी को तो बचा लिया, लेकिन खुद तेज बहाव में फंस गए। साथ ही एक पत्थर से टकराकर घायल हो गए। साथी जवानों ने उन्हें बाहर निकालकर आर्मी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसा 20 मार्च को भैरव बटालियन के प्लाटून अभ्यास के दौरान हुआ था। 22 मार्च को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां सुमन देवी बेसुध हो गईं। कैप्टन का पार्थिव शरीर देहरादून से वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट लाया गया। वहां से सेना के ट्रक में शव रखकर सड़क मार्ग से गाजीपुर लाया गया। इस दौरान शहर के सैकड़ों लोग शव यात्रा में शामिल रहे। देर शाम बलुआ घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। छोटे भाई मयंक चौरसिया मुखाग्नि देंगे। 5 तस्वीरें देखिए… इस समय जमानिया स्थित रामलीला मैदान में शहीद कैप्टन प्रशांत चौरसिया का पार्थिव शरीर रखा है। बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए इकट्ठा हैं। इसके बाद पार्थिव शरीर उनके पैतृक घर ले जाया गया। इस दौरान क्षेत्र की पूर्व विधायक सुनीता सिंह भी पहुंचीं और शहीद को श्रद्धांजलि दी। वहीं, जमानिया कोतवाली प्रभारी राम सजन नागर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर मौजूद हैं। 4 साल पहले प्रशांत का NDA में सिलेक्शन हुआ था
कैप्टन प्रशांत चौरसिया जमानिया कस्बे के रहने वाले थे। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा यहीं के सेंट मैरीज स्कूल से हासिल की थी। 2022 में नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए) से उनका चयन हुआ था। उनकी बड़ी बहन सलोनी की शादी पिछले महीने ही हुई थी। छोटा भाई मयंक घर पर रहकर पढ़ाई करता है। पिता बोले- सिर में चोट लगने से हुई बेटे की मौत
कैप्टन के पिता पुरुषोत्तम चौरसिया ने बताया- जमानिया के सीओ ने मुझे फोन करके पूछा था कि क्या प्रशांत के बारे में कोई जानकारी मिली? इसके बाद मैंने बेटे प्रशांत को फोन किया। फोन उसके एक दोस्त ने उठाया। उसने कहा कि आप तुरंत यहां आ जाइए। उसने फ्लाइट के दो टिकट भी भेजे। इसके बाद हम लोग फ्लाइट से सुबह दिल्ली पहुंचे। वहां से देहरादून गए। वहां पहुंचने पर हमें बताया गया कि 20 मार्च को नदी पार करने के दौरान प्रशांत अपने डूबते हुए साथी को बचाने की कोशिश कर रहे थे। तभी तेज बहाव की चपेट में आ गए। इससे उनके सिर में चोट लग गई और उनकी मौत हो गई। वहीं, सूर्या कमांड के लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, जीओसी-इन-सी और सूर्य कमान के सभी रैंकों ने नदी पार करने के अभ्यास के दौरान बलिदान देने वाले कैप्टन प्रशांत कुमार चौरसिया को श्रद्धांजलि अर्पित दी है। कहा कि इस दुख की घड़ी में भारतीय सेना शोक संतप्त परिवार के साथ पूरी तरह से एकजुट है। उनका साहस और कर्तव्यनिष्ठा सेवा की सर्वोच्च परंपराओं का प्रतीक है। यह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। ————————- ये खबर भी पढ़ेंः- चंदौली में ससुर बोले- SDM दामाद जन्मजात नपुंसक, झूठ बोलकर शादी की, एसडीएम बेटी का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहा चंदौली में SDM दिव्या ओझा के पिता ने अपने SDM दामाद अनुपम मिश्रा पर नपुंसक होने का आरोप लगाया। कहा- झूठ बोलकर शादी की गई। वह जन्मजात नपुसंक है। बेटी जब इसपर सवाल उठाती तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। दहेज में 20 करोड़ मांगने का भी आरोप लगाया। पढ़ें पूरी खबर…