हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के बाद हुई बारिश के बाद अब मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि इसके बावजूद प्रदेश का तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस भिवानी में दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज प्रदेश में मौसम में आंशिक बदलाव हो सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। कई जिलों में हो सकती है बारिश मौसम विभाग के अनुसार आज महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल और फरीदाबाद जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में भी कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना जताई गई है। 27 से 30 डिग्री बना हुआ है तापमान मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक हिसार में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान लगभग 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। दूसरी ओर राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस करनाल में रिकॉर्ड किया गया। आज फिर कम हो सकता है तापमान मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश होने की स्थिति में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। फिलहाल प्रदेश में मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
हरियाणा के 12 जिलों में आज बारिश की संभावना:अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री की बढ़ोतरी; भिवानी सबसे गर्म
