बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 343 की जर्जर स्थिति से आम जनता को हो रही परेशानी और बिजली बिल में बढोतरी के विरोध में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने चक्काजाम और बिजली ऑफिस का घेराव भी किया और तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल काे ज्ञापन सौंपा है।
बलरामपुर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजय गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, बलरामपुर से रामानुजगंज की दूरी 27 किलोमीटर है लेकिन खराब सड़क के कारण एक घंटे से अधिक समय लग रहा है। आए दिन यहां दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है। आज हमने एनएच मरम्मत की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया है।
बिजली के दाम में वृद्धि को लेकर किया घेराव
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली की दरों में बेतहाशा वृद्धि को लेकर भी विरोध प्रदर्शन करते हुए रामानुजगंज बिजली ऑफिस का घेराव भी किया। कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जनता को छलने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा।
इस दाैरान रामानुजगंज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षा मधु गुप्ता, रामचंद्रपुर ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह, जिला उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, अजय सोनी, मनोज दुबे, संतोष यादव, रामानुजगंज ब्लॉक के सभी मंडल अध्यक्ष प्रेमसागर सिंह, व्यासमुनि यादव, नवशाद आलम, चंदेश्वर कुशवाहा, गायन्ति गुप्ता, सुधा जायसवाल, रूपवती जायसवाल, महेंद्र यादव, धर्मेंद्र केशरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्टी और संगठन से जुड़े हुए पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
