जींद जिले के पांडू पिंडारा गांव में एक परिवार के कई लोगों पर हथियारों से लैस बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। विवाद घर की बहू पर गलत नजर रखने के विरोध को लेकर शुरू हुआ। हमलावरों ने न केवल घर में घुसकर गंडासे से हमला किया, बल्कि गलियों और छतों से अंधाधुंध फायरिंग की। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में गोलियों के खोल बरामद किए हैं। थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पांडू पिंडारा गांव के रहने वाले बलवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। उसके बेटे अनिल की मौत हो चुकी है। उसकी पांचों बेटियां शादीशुदा हैं। उसका दोहता श्रवण उर्फ कूकी उसके पास रहता है। बलवान ने बताया कि उसका भतीजा विक्की भी साथ रहता है। सिलसिलेवार जाने पूरा मामला…
यहां से शुरू हुआ विवाद: बलवान के अनुसार, गांव का ही मनजीत उनके परिवार की एक महिला पर गलत नजर रखता है। इसका विरोध करने पर 15 मार्च को दिन में उनकी आपस में बहस हुई थी। इसके बाद से ही मनजीत उनसे रंजिश रख रहा है। रात को बहाने से बाहर बुलाया: रात 10 बजे आरोपी महेंद्र और उसकी मां किताबों ने बातचीत के बहाने बलवान को घर से बाहर बुलाया। जैसे ही बलवान और उसकी पत्नी बाहर आए, वे गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद कहासुनी बढ़ गई। गंडासे से हमला, भाई को लगा: इसी बीच मनजीत गंडासा लेकर आया और बलवान पर वार कर दिया। बचाव के दौरान गंडासा मनजीत के अपने ही भाई को जा लगा। इससे वे और ज्यादा गुस्सा हो गए। युवकों ने की अंधाधुंध फायरिंग: बलवान ने बताया कि मनजीत के साथ आए 5-6 अज्ञात युवक भी आए थे। उन युवकों में से एक ने बलवान पर फायर कर दिया। जान बचाने के लिए बलवान छत पर भागा। वहां से उसके दोहते और भतीजे ने अपने बचाव में ईंटें बरसाईं। छत से बरसाईं गोलियां: बताया गया कि हमलावर भागकर पास ही महेंद्र के मकान की छत पर चढ़ गए। वहां मनजीत ने पिस्तौल लेकर नीचे खड़े बनवान के परिवार के लोगों पर और ग्रामीणों पर कई राउंड फायर किए। महिलाएं भी डंडे लेकर आई: बलवान का आरोप है कि आरोपी पक्ष की महिलाएं सुनीता, दीक्षा और किताबो भी हाथों में डंडे लेकर उनको ललकार रही थीं और जान से मारने की धमकी दे रही थीं। गांव में पुलिस तैनात करनी पड़ी
पांडू पिड़ारा में फायरिंग की सूचना मिलते ही पीएसआई (PSI) सचिन कुमार और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस को अलग-अलग गलियों और आरोपियों के मकान की छत से गोलियों के कुल 14 खाली खोल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। कई लोगों पर केस दर्ज पुलिस ने बलवान की शिकायत पर थाना सिविल लाइन जींद में आरोपी मनजीत, महेंद्र, सुरेंद्र, किताबो और अन्य महिलाओं सहित अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 190, 191(3), 333, 351(2) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना सिविल लाइन पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है। सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।
