मध्य प्रदेश में LPG संकट गहरा रहा है। 5 दिन से 50 हजार से ज्यादा होटल-रेस्टॉरेंट को कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिले हैं। कई होटल में तो 24 से 48 घंटे की गैस ही बची है। ऐसे में ये बंद होने के कगार पर हैं। हालांकि, वैकल्पिक इंतजाम के तौर पर इंडक्शन, डीजल भट्ठी का उपयोग हो रहा है। इसके साथ घरेलू सिलेंडर ने भी मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। भोपाल, इंदौर सहित कई शहरों में बुजुर्ग से बच्चे तक सिलेंडर के लिए भाग-दौड़ कर रहे हैं। कहीं सिलेंडर लेकर घंटों कतार में लगे हैं तो कहीं पुलिस के साये में सिलेंडर बंट रहे हैं। शुक्रवार को भोपाल में गैस एजेंसियों और गोदाम के बाहर पुलिस गाड़ियां घूमती रहीं, ताकि कोई हंगामा न हो। सभी 23 एजेंसियों पर भीड़ रही। दूसरी ओर बुकिंग सर्वर भी ठप है। इस वजह से 7-8 दिन में भी लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। सरकार ने कहा- जमाखोरी और काला बाजारी पर कार्रवाई हो कॉमर्शियल की सप्लाई रोके जाने और घरेलू सिलेंडर को लेकर मची मारामारी को लेकर प्रदेश के सभी कलेक्टर भी अब मैदान में हैं। इधर, सरकार ने भी सिलेंडर को लेकर कहा कि प्रदेश में एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। लोग घबराएं नहीं और न ही अतिरिक्त सिलेंडर जमा करें। जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। होटलों में इंडक्शन, डीजल भट्ठी लगाए एमपी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की है। होटल-रेस्टॉरेंट को इमरजेंसी सेवा में शामिल करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है। दूसरी ओर वैकल्पिक इंतजाम भी तलाश रहे हैं। इंडक्शन, डीजल भट्ठी को लेकर भी फोकस है। कारोबारियों के लिए भी गाइड लाइन जारी की है, जिसमें बचत कैसे करें, गैस को कैसे बचा सकते हैं? आदि का उल्लेख है। एसोसिएशन से भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत प्रदेशभर के साढ़े 10 हजार होटल जुड़े हैं। वहीं, प्रदेश में इनकी संख्या 50 हजार तक है। भोपाल में एमपी टूरिज्म बोर्ड के मिंटो हॉल स्थित रूफ-टॉप पर भी भोजन पकाने के लिए इंडक्शन का उपयोग हो रहा है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, पचमढ़ी, खजुराहो, ओरछा, मैहर समेत अन्य जगह के बड़े होटल्स पर भी अब बड़े इंडक्शन लगाए गए हैं। संकट में लकड़ी-इंडक्शन बने सहारा, रेट बढ़े एलपीजी संकट में लकड़ी और इंडक्शन सहारा बने हुए हैं। भोपाल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली ने बताया कि कॉमर्शियल
सिलेंडर 5 दिन से नहीं मिले हैं। अधिकांश जगह पर एक-दो दिन का ही स्टॉक बचा है। ये जल्दी खत्म हो जाता, लेकिन इससे पहले बड़े इंडक्शन और डीजल भट्ठी जैसे इंतजाम किए जा रहे हैं। भोपाल में अधिकांश होटलों में इंडक्शन का उपयोग होने लगा है। इधर, सिलेंडर नहीं मिलने पर लोगों में इंडक्शन खरीदने की होड़ मची हुई है। इस कारण प्रदेश में इंडक्शन की खपत 7 से 10 गुना तक बढ़ गई है। हालांकि, रेट भी दोगुने हो चुके हैं। डीजल भट्ठी पहले 15 से 18 हजार में मिलती थी, वह अब 30 से 35 हजार रुपए तक में मिल रही है। लकड़ी भी 2 से 3 रुपए किलो तक महंगी हो गई है। गैस सिलेंडर से जुड़ी जरूरी जानकारी IRCTC के प्रवक्ता बोले- ट्रेनों में कैटरिंग व्यवस्था सामान्य एलपीजी की किल्लत के बीच ट्रेनों में भोजन व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों पर IRCTC ने स्थिति स्पष्ट की है। IRCTC के प्रवक्ता एके सिंह के मुताबिक पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) क्षेत्र में फिलहाल कैटरिंग व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। ट्रेनों में भोजन की सप्लाई लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि यात्रियों को खाने को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। एके सिंह ने बताया कि WCR क्षेत्र में IRCTC के करीब 25 क्लस्टर किचन हैं। इनके माध्यम से क्षेत्र की सभी प्रमुख ट्रेनों में नियमित रूप से भोजन लोड किया जा रहा है। उज्जैन में भट्ठी में भी वेटिंग गैस सिलेंडर की आपूर्ति का असर ऐसा हुआ है कि उज्जैन में डीजल भट्ठी बनवाने में भी वेटिंग चल रही है। रेस्टॉरेंट संचालक भी इन्हीं भट्ठी की डिमांड कर रहे हैं। भट्ठी बनाने वालों के पास इतने ऑर्डर आ गए कि करीब 10 से 15 दिन की वेटिंग के बाद भी भट्ठी नहीं मिल पा रही है। उज्जैन शहर में करीब 700 से अधिक रेस्टॉरेंट हैं। भोपाल में तीन ट्रक, एक ऑटो से 658 सिलेंडर जब्त गैस सिलेंडर की मारामारी के बीच भोपाल में एक गैस एजेंसी पर छापा मारा गया। यहां तीन ट्रक और एक लोडिंग ऑटो से सिलेंडर जब्त किए गए। इनमें 19 किलो यानी, 215 कॉमर्शियल सिलेंडर हैं। इनमें से 21 भरे हुए थे, वहीं 348 घरेलू सिलेंडर हैं। इनमें 18 भरे हुए मिले। 5 किलो क्षमता वाले खाली सिलेंडर की संख्या 95 है। इस तरह कुल 658 सिलेंडर में से 30 भरे मिले। उज्जैन व अन्य छोटे शहरों से भी सिलेंडर जब्त करने की खबरें हैं। सिलेंडर लेकर नाले में कूदे कांग्रेस नेता गैस संकट के बीच सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस भी मैदान में कूद गई है। कई जगह कांग्रेस कार्यकर्ता गैस सिलेंडर को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। राजधानी में शुक्रवार को कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला सिलेंडर लेकर नाले में कूद गए। यहां नाले से गैस जलाते हुए प्रदर्शन किया। ये खबर भी पढ़ें… MP में सिलेंडर बुकिंग ठप…इंडक्शन-डीजल भट्ठी के रेट डबल मध्य प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर परेशानी बढ़ती जा रही है। ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम सही से काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण उपभोक्ता गैस सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं। कई जगहों पर वेटिंग 7 से 8 दिन तक पहुंच गई है। कई जगहों पर बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है। पूरी खबर पढ़ें
एमपी में LPG संकट-सिलेंडर के लिए बुजुर्ग-बच्चे भी लाइन में:बुकिंग सर्वर ठप, 7-8 दिन में भी सप्लाई नहीं; सरकार बोली- हालात सामान्य
