रोहतक में जिला परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा पर दोपहर के समय ऑफिस में घुसकर 5-6 युवकों ने जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने अनिल हुड्डा के साथ ऑफिस में ही मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। हमले की सूचना आर्य नगर थाना पुलिस को दी गई। जिला परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा दोपहर के समय अपने ऑफिस में अकेले बैठे हुए थे। इसी दौरान 5-6 युवक ऑफिस में घुसे और आते ही अनिल हुड्डा के साथ मारपीट शुरू कर दी। अनिल हुड्डा ने अपने आप को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी अधिक होने के कारण खुद को बचा नहीं सके और आरोपियों ने अनिल को नीचे गिराकर जमकर मारपीट की। जिला परिषद की मीटिंग में हुई थी कहासुनी
जिला परिषद की कल मीटिंग हुई थी, जिसमें वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा की पार्षद धीरज मलिक के साथ कहासुनी हुई थी। इसके बाद नीचे आने के बाद भी किसी के साथ कहासुनी हुई थी, जिसमें वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा ने एक व्यक्ति को डंडे से मारा भी था। आशंका है कि उसी के कहने पर आरोपियों ने ऑफिस में घुसकर मारपीट की है। सरकारी भवन में नहीं कोई सुरक्षा
वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा का ऑफिस जिला विकास भवन में है, जहां ADC सहित अन्य अधिकारियों के ऑफिस भी है। सरकारी भवन में घुसकर जिला परिषद के वाइस चेयरमैन पर हमला, प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहा है। वाइस चेयरमैन पर हुए हमले के बाद सरकारी भवन में सुरक्षा का मुद्दा भी उठ रहा है। ADC की तरफ से दी गई शिकायत
आर्य नगर थाना SHO बिजेंद्र कुमार ने बताया कि वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा की तरफ से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। वहीं ADC नरेंद्र कुमार की तरफ से एक शिकायत दी गई है कि सरकारी भवन में अज्ञात युवकों ने घुसकर हमला किया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
रोहतक में जिला परिषद के वाइस चेयरमैन पर हमला:ऑफिस में घुसकर 5-6 युवकों ने पीटा, जान से मारने की धमकी दी
