वाइस चेयरमैन के पक्ष में 7 सदस्यों का समर्थन:पानीपत में ब्लॉक समिति का अविश्वास प्रस्ताव कमजोर, बहुमत के करीब पहुंची अमिता

Spread the love

पानीपत में ब्लॉक समिति की राजनीति में शुक्रवार को एक नया मोड़ सामने आया है। अविश्वास प्रस्ताव की सुगबुगाहट के बीच वाइस चेयरपर्सन अमिता के पक्ष में 7 सदस्यों ने जिला उपायुक्त (DC) को शपथ पत्र सौंपकर अपना समर्थन जताया है। इस घटनाक्रम के बाद वाइस चेयरपर्सन का पलड़ा भारी होता नजर आ रहा है और विरोधियों द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव अब संकट में घिर गया है। ज्ञात हो कि ब्लॉक समिति अध्यक्ष दीपक राणा की हार्ट अटैक से हुई आकस्मिक मृत्यु के बाद समिति में राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। वाइस चेयरपर्सन पर असहमति जताते हुए 28 में से 19 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। हालांकि, आज इन 19 में से 7 सदस्यों ने अपनी नाराजगी दूर होने की बात कहते हुए वाइस चेयरपर्सन अमिता के पक्ष में डीसी को शपथ पत्र दे दिया है। सदस्यों का कहना है कि उन्होंने पहले किसी बहकावे या अस्थाई नाराजगी के चलते अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन अब वे वाइस चेयरपर्सन के कामकाज और नेतृत्व से संतुष्ट हैं। बहुमत का नया आंकड़ा- अमिता के साथ अब 17 सदस्य 7 सदस्यों के इस पाला बदलने के बाद अब समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। इन सदस्यों ने सौंपा शपथ पत्र वॉइस चेयरपर्सन के पक्ष में खड़े होने वाले सदस्यों की सूची इस प्रकार है। अनिल कुमार (गांव कुटानी), रविंदर (गांव निंबरी), पूजा रानी (गांव राजाखेड़ी), बिजेंद्र (गांव बाबरपुर), अनिल कुमार (गांव उग्राखेड़ी), जयकरण (गांव महमदपुर) और सीमा (गांव बबैल) शामिल हैं। प्रशासन की कार्रवाई उपायुक्त ने सदस्यों का प्रस्ताव स्वीकार करते हुए इसकी जांच और आगामी कार्रवाई की जिम्मेदारी डीडीपीओ (DDPO) को सौंप दी है। इस मौके पर मार्केट कमेटी पानीपत के चेयरपर्सन अवतार शास्त्री भी उपस्थित रहे, जिन्होंने सदस्यों के इस निर्णय का स्वागत किया।