करनाल जिले में आईटीआई चौक के नजदीक नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रही बाइक आगे खड़ी पिकअप गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और तीन साल की बेटी घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्च्युरी हाउस में भिजवा दिया। घरौंडा से कुरुक्षेत्र की तरफ जा रहा था परिवार पुलिस के अनुसार गांव रायपुर जाटान के सोमबीर अपनी पत्नी मिनाक्षी और तीन वर्षीय बेटी एंजेल के साथ बुधवार शाम बाइक पर सवार होकर घरौंडा क्षेत्र से कुरुक्षेत्र की तरफ जा रहे थे। बताया गया है कि उन्हें चंडीगढ़ जाना था और योजना के अनुसार वे पिपली के पास बाइक खड़ी करके आगे जाने वाले थे। इसी दौरान जब वे करनाल में आईटीआई चौक के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचे, तो उनकी बाइक आगे खड़ी एक पिकअप गाड़ी से टकरा गई। टक्कर के बाद सड़क पर गिरे हादसे के बाद तीनों सड़क पर जा गिरे। इस दौरान सोमबीर को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं पीछे बैठी पत्नी मिनाक्षी और बेटी एंजेल भी घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल भिजवाने में मदद की। पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी में रखवाया शव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्च्युरी हाउस में रखवा दिया। घायल मिनाक्षी और एंजेल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई जांच अधिकारी रणजीत सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में गांव रायपुर जाटान के सोमबीर की मौत हुई है, जबकि पत्नी मिनाक्षी और बेटी एंजेल घायल हुई हैं। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करनाल में बाइक-पिकअप टक्कर, युवक की मौत:पत्नी और 3 साल की बेटी घायल, कुरुक्षेत्र की ओर जा रहा था परिवार
