फरीदाबाद जिले के न्यूटाउन रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम एक बुजुर्ग दंपत्ति द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है और जीआरपी जिले भर के थानों को सूचना देकर उनकी पहचान कराने में जुटी हुई है। ट्रेन के आगे लगा दी छलांग जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 5 बजे एक बुजुर्ग दंपत्ति न्यूटाउन रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। दोनों कुछ देर तक प्लेटफार्म नंबर-1 पर टहलते हुए नजर आए। इसी दौरान शाम करीब 5 बजकर 5 मिनट पर ऋषिकेश से पुरी जाने वाली 18478 कलिंग उत्कल एक्सप्रेस स्टेशन से गुजर रही थी। बताया जाता है कि ट्रेन के पास आते ही दोनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़ा और अचानक ट्रेन के आगे छलांग लगा दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच अधिकारी धनीराम ने बताया कि मृतक पुरुष की उम्र करीब 60 वर्ष के आसपास है। उसने लाल-सफेद रंग का लाइनदार कुर्ता और स्लेटी रंग की पैंट पहन रखी थी। वहीं जांच अधिकारी रूक्मणी के अनुसार मृतक महिला ने मैरून रंग का सलवार-सूट पहना हुआ था और उसके पास सफेद रंग की चुन्नी मिली है। दोनों मृतकों की पहचान कराने की कोशिश आरपीएफ के जांच अधिकारी एएसई धर्मवीर ने बताया कि ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण कलिंग उत्कल एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक मेन लाइन पर खड़ी रही। जीआरपी द्वारा शवों को ट्रैक से हटाने के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे ट्रेन को मथुरा की ओर रवाना कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
फरीदाबाद में बुजुर्ग-दंपती ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान:न्यूटाउन स्टेशन पर वारदात, 25 मिनट तक खड़ी रही उत्कल एक्सप्रेस
