सोनीपत में 5 बच्चों के पिता की मौत:खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक; बेटी संग रिश्तेदारी में से लौट रहे थे

Spread the love

सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क के बीचों-बीच बिना किसी चेतावनी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था के खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई। हादसे के बाद दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की बेटी की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिश्तेदारी से लौटते समय हादसा गांव खेड़ी जसौर की दीक्षा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है और पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी है। रविवार को वह अपने पिता राजेंद्र सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव पिपली में रिश्तेदारी में आई हुई थी। शाम करीब 6:40 बजे दोनों पिता-पुत्री पिपली से अपने घर के लिए वापस लौट रहे थे। मोटरसाइकिल राजेंद्र सिंह चला रहे थे।
सड़क के बीच में खड़ी थी ट्रैक्टर-ट्रॉली दीक्षा ने बताया कि जैसे ही वे पिपली गांव पार कर भारत गेस्ट हाउस से थोड़ा आगे खरखौदा की ओर पहुंचे तो सड़क के बीचों-बीच एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। आरोप है कि ट्रॉली के पास कोई चेतावनी संकेत या सुरक्षा इंतजाम नहीं था। अचानक सामने आई ट्रॉली से उनकी मोटरसाइकिल पीछे से जा टकराई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में पिता की मौत हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरखौदा पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद राजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि बेटी दीक्षा को चोटें आई हैं।इस हादसे से परिवार में मातम छा गया और गांव में भी शोक का माहौल है। अज्ञात ट्रैक्टर ड्राइवर पर केस मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मृतक की बेटी दीक्षा का बयान दर्ज किया। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 283, 106 और 125-A के तहत थाना खरखौदा में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे की जांच की जा रही है। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।