पानीपत जिले के महमदपुर गांव में होली के दिन लापता हुए 23 वर्षीय युवक का शव रेलवे ट्रैक पर बरामद हुआ है। शव निर्वस्त्र हालत में मिला। शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। परिजनों ने युवक एक दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है, जो उसे घर से बुलाकर साथ ले गया था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए शव को पानीपत के सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस उस संदिग्ध दोस्त की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले सकती है। पुलिस मृतक और उसके दोस्त के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगाल रही है। घर बैठा था, दोस्त ले गया साथ परिजनों के अनुसार, होली वाले दिन 23 वर्षीय कालू अपने घर पर बैठा हुआ था। त्योहार का माहौल था, तभी गांव का ही रहने वाला उसका एक करीबी दोस्त घर पहुंचा और उसे किसी काम का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया। किसी को अंदाजा नहीं था कि कालू आखिरी बार अपने घर की दहलीज पार कर रहा है। निर्वस्त्र हालत और शरीर पर चोट के निशान जब शाम तक कालू घर नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने उस दोस्त से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पूरी रात तलाश करने के बाद 6 मार्च की देर शाम कालू का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। हैरान करने वाली स्थिति ये थी कि शव पूरी तरह निर्वस्त्र (नग्न) अवस्था में था। मृतक के शरीर पर चोट के कई गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि उसे मारने से पहले बुरी तरह प्रताड़ित किया गया और पीट-पीटकर उसकी जान ली गई। परिजनों का आरोप- दोस्त ने ही रची साजिश कालू के परिजनों और ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। मृतक के परिवार का कहना है कि कालू की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उनका सीधा शक उसी युवक पर है जो उसे आखिरी बार घर से ले गया था। परिजनों का आरोप है कि हत्या करने के बाद मामले को ‘हादसा’ दिखाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है।
पानीपत में होली से लापता युवक का शव मिला:रेलवे ट्रैक पर निर्वस्त्र पड़ा, परिजन बोले- दोस्त बुलाकर ले गया, पीट-पीटकर हत्या का आरोप
