सोनीपत जिले के खानपुर कलां स्थित बीपीएस मेडिकल कॉलेज में एमडी की पढ़ाई कर रहे 2 युवा डॉक्टरों की बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों डॉक्टर मंगलवार देर रात मेडिकल कॉलेज से बाइक पर घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान खानपुर-कासंडी रोड पर उनकी बाइक अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मेडिकल कॉलेज और डॉक्टरों के बीच शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है।
बीपीएस मेडिकल कॉलेज में कर रहे थे एमडी
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान तमिलनाडु के रहने वाले डॉ. अरविंद और त्रिपुरा निवासी डॉ. नीलोत्पल के रूप में हुई है। दोनों खानपुर कलां स्थित बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज में एमडी की पढ़ाई कर रहे थे। डॉ. अरविंद पैथोलॉजी विभाग में एमडी कर रहे थे, जबकि डॉ. नीलोत्पल बायोकेमिस्ट्री में एमडी के छात्र थे। दोनों ही डॉक्टर पढ़ाई के साथ कॉलेज में प्रशिक्षण भी ले रहे थे। देर रात घूमने निकले थे, रास्ते में हुआ हादसा
बता दें कि मंगलवार देर रात दोनों डॉक्टर कॉलेज से बाइक लेकर बाहर घूमने के लिए निकले थे। जब वे खानपुर-कासंडी रोड पर पहुंचे तो अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों डॉक्टरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक का अंतिम संस्कार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय दोनों डॉक्टरों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। पुलिस का मानना है कि तेज रफ्तार और हेलमेट न पहनना भी हादसे में मौत का कारण बन सकता है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद डॉ. अरविंद के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है, जबकि दूसरे डॉक्टर डॉ. नीलोत्पल के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और उनका अंतिम संस्कार भी यहीं किए जाने की संभावना है। पुलिस कर री मामले की जांच
हादसे के बाद उनके परिजन गहरे सदमे में हैं और कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है, फिर भी मामले की जांच की जा रही है।
खानपुर मेडिकल के 2 डॉक्टरों की मौत:पेड़ से टकराई बाइक, पैथोलॉजी-बायोकेमिस्ट्री की पढ़ाई कर रहे थे; एक तमिलनाडु, दूसरा त्रिपुरा का
