सोनीपत जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। देर रात घर के बरामदे में सो रही महिला पर कुछ युवकों ने पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। आरोप है कि हमलावर कांच की बोतल में पेट्रोल लेकर आए और महिला की रजाई व खाट के नीचे पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जिसके बाद मौके से फरार हो गए। आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले गोहाना के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। बरामदे में सो रही बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना
गोहाना के गांव कथुरा के रहने वाले सोनू ने बताया कि मंगलवार फाग के दिन उनका परिवार घर में होली खेल रहा था। देर रात सभी अपने-अपने स्थान पर सो गए थे। आमतौर पर सोनू बरामदे में सोता है। लेकिन मंगलवार रात उसकी 65 वर्षीय मां राजो देवी बरामदे में खाट पर रजाई ओढ़कर सो रही थी। इसी दौरान रात करीब 11:45 बजे पड़ोस के 8-10 युवक कांच की बोतल में पेट्रोल लेकर आए और सो रही महिला पर पेट्रोल छिड़क दिया। आरोप है कि आरोपियों ने खाट के नीचे भी पेट्रोल डाला और तुरंत आग लगा दी।
आग लगते ही मचा हड़कंप, पड़ोसियों ने बुझाई आग
जैसे ही आग लगी तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्य और आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। आग की लपटों में झुलसने से राजो देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें तुरंत गोहाना के अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। चार साल पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह
सोनू के अनुसार गांव की चौपाल में बच्चों की पढ़ाई के लिए एक लाइब्रेरी बनाई गई है। करीब 4 साल पहले होली के दिन कुछ युवक शराब पीकर चौपाल पर डांस कर रहे थे। उस समय बच्चों की पढ़ाई को देखते हुए उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया और लाइब्रेरी पर ताला लगाने की बात कही गई। इसी बात को लेकर पड़ोसी युवकों के साथ कहासुनी और गाली-गलौज हो गई थी। आरोप है कि उसी दिन से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही है। इसी को लेकर हर साल सोनू के साथ होली पर झगड़ा करते हैं। पड़ोस के युवकों पर वारदात का आरोप
सोनू ने आरोप लगाया कि परिवार के प्रदीप के कहने पर विजय और अन्य 8-10 युवकों ने मिलकर उसकी मां को जिंदा जलाने का प्रयास किया। उनका कहना है कि आरोपियों ने पहले भी कई बार झगड़ा किया और होली का त्योहार नहीं मनाने देने की धमकी दी थी। पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घायल महिला और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज रोहतक पीजीआई में चल रहा है।
सोनीपत में बुजुर्ग महिला को पेट्रोल डालकर जलाया:रोहतक रेफर, बरामदे में सो रही थी; पुरानी रंजिश में पड़ोसियों ने की वारदात
