बाथरूम में युवती की लाश, बदन पर चाकू के जख्म:मां के साथ सो रही थी दूसरी बेटी, कौन था हमलावर…खून किसने साफ किया?

Spread the love

मध्यप्रदेश क्राइम फाइल्स में आज एक ऐसे मर्डर केस की कहानी, जिसने दो राज्यों में सुर्खियां बटोरी। मामला नरसिंहपुर जिले में एक युवती की संदिग्ध हालत में हुई मौत का था। इसने पुलिस को उलझन में डाल दिया था। परिवार इसे बाथरूम में फिसलकर हुई दुर्घटना बता रहा था, लेकिन जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी के होश उड़ा दिए। उसकी हत्या किसने और क्यों की? क्या मां-बेटी ही कातिल थीं या कोई बाहरी कत्ल करके फरार हो चुका था? आखिर क्या था पूरा मामला, पढ़िए क्राइम फाइल्स पार्ट-1… 22 फरवरी की शाम करीब 4 बजे सुरेंद्र ढिमोले अपने फार्महाउस पर काम कर रहे थे। तभी उनकी भांजी खुशबू का फोन आया-“मामा, जल्दी आइए… शिखा बाथरूम में गिर गई है… हालत ठीक नहीं है… अस्पताल ले जाना है।” सुरेंद्र बिना देर किए बहन के घर पहुंचे। घर के भीतर अजीब-सी खामोशी थी। बाथरूम के पास शिखा बेहोश पड़ी थी। शरीर ढीला, चेहरा नीला। सुरेंद्र ने तुरंत एंबुलेंस को कॉल किया और शिखा को लेकर अस्पताल पहुंचे।
घर में सिर्फ तीन लोग, दोपहर तक सब सामान्य
घर में सिर्फ तीन लोग ही रहते थे। शिखा, खुशबू और उनकी मां बबली। शिखा घर की सबसे छोटी बेटी थी। दोपहर को सभी ने खाना खाया और सोने चले गए। 4 बजे खुशबू की नींद खुली तो वह बाथरूम की तरफ गई, जहां देखा कि शिखा बेहोश पड़ी है। मां और बहन को कुछ समझ नहीं आ रहा था यह सब अचानक कैसे हो गया। परिजन हैरान थे कि बाथरूम में फिसलने से मौत कैसे हो गई? दोपहर तक सबके साथ हंसती-खेलती घर वालों की दुलारी शिखा अब उनके बीच नहीं रही। डॉक्टरों को दिखे संदिग्ध निशान
डॉक्टरों ने देखा कि शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। गर्दन के आसपास के घाव सामान्य गिरने जैसे नहीं लग रहे थे। कुछ कटे हुए निशान भी थे। डॉक्टरों को मामला संदिग्ध लगा तो पुलिस को सूचना दी। अस्पताल पहुंची पुलिस को शिखा की मौत संदेहास्पद लगी, लिहाजा शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर वाले शिखा की मौत बाथरुम में गिरने से बता रहे थे। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया। बाथरूम के फर्श पर पानी था, लेकिन खून के स्पष्ट निशान नहीं। शिखा का किसी से विवाद नहीं था
पुलिस कों संदेह था कि शिखा की हत्या की गई, लेकिन घर वालों को खुद समझ नहीं आ रहा था कि आखिर शिखा की हत्या कौन और क्यों करेगा? न शिखा का कोई बॉयफ्रेंड था और ना ही कभी उसने किसी ऐसे लड़के के परेशान करने की बात का जिक्र किया था।
लिहाजा जांच अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिक गई जो सबसे अहम थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही शिखा की मौत की असली वजह साफ हो सकती थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बदली कहानी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो उसने कहानी की दिशा ही बदल दी। रिपोर्ट में शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई घाव पाए गए, जिनमें सबसे गंभीर जख्म गर्दन पर थे।
गर्दन पर 6 गहरे घाव थे, श्वास नली कटी हुई थी। सिर और चेहरे पर भी बेरहमी से हमला
सिर के बाएं हिस्से में घाव और खोपड़ी के अंदर रक्तस्राव मिला। बाएं गाल, आंख, जबड़े और कान पर कटे घाव व सूजन थी। चेहरे पर भी हमला किया गया था। कोहनी, हाथ की अंगुली पर छिले घाव व नीले निशान थे। छाती के बीच में सूजन था। चाकू से कटने का निशान भी था। दोनों पैरों के जोड़ों पर रस्सी से बांधने जैसे निशान थे। हाथ-पैर बांधकर चाकू मारा गया
पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने अपना मत दिया कि लड़की की मौत फिसलने से नहीं हुई, बल्कि उसकी बर्बर तरीके से हत्या की गई है। उसके हाथ-पैर बांधकर उसकी गर्दन पर कई बार चाकू मारा गया। फिर पत्थर जैसी वस्तु पर उसे पटका गया। क्या घर के भीतर ही छिपा था राज?
अब यह साफ हो चुका था कि यह कोई साधारण हादसा नहीं है, बल्कि शिखा की बेरहमी से हत्या की गई। अब सवाल ये था कि अगर यह हत्या है, तो हत्यारा कौन है? घर में जबरन किसी के घुसने के निशान नहीं थे। लूटपाट नहीं तो क्या हत्यारा घर का ही कोई था? पुलिस ने मां और बहन से पूछताछ की।
मां ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे खाना खा कर सो गई थी, करीब चार बजे जब उठी तो देखा कि शिखा बाथरूम में बेसुध हालत में गिरी है। खुशबू ने भी बेहोशी की हालत में शिखा को देखने के बाद मामा को फोन कर घर आने और शिखा को अस्पताल ले जाने की बात कही। दोनों का बयान एक जैसा था- ‘वह बाथरूम में फिसल गई थी।’ कॉल डिटेल में मिला नया सुराग
पुलिस ने कॉल डिटेल खंगालनी शुरू की, वह किससे बात करती थी? घटना के समय लोकेशन पर कौन-कौन मौजूद था, पुलिस ने रिकॉर्ड मोबाइल कंपनी से निकलवाया। तो एक ऐसे शख्स का सुराग हाथ लगा जिसकी मोबाइल लोकेशन इससे पहले उस इलाके में कभी नहीं पाई गई थी। ये हादसा अब एक पहेली बन चुका था। इन सवालों के जवाब जानिए पार्ट 2 में-
– क्या इस दौरान कोई बाहरी आदमी आया था?
– शिखा की हत्या किसने और क्यों की?
– शिखा का कत्ल घर के अंदर बेरहमी से किया गया तो उसकी मां और बहन खुशबू को पता क्यों नहीं चला।
– क्या उसकी जिंदगी में कोई ऐसा राज था जो अब तक सामने नहीं आया?
– वह कौन था जिसकी लोकेशन उस इलाके में पहली बार पाई गई थी? ये खबरें भी पढ़ें… 1. भोपाल के बिजनेसमैन की जलती हुई लाश, गोली मारकर हुई थी हत्या मध्य प्रदेश क्राइम फाइल्स में आज बात एक बिजनेसमैन से जुड़े हाई प्रोफाइल मर्डर केस की भोपाल के एक सुनसान इलाके में बने खंडहर से जब जली हुई लाश बरामद हुई, तो पूरे शहर में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में मामला रहस्यमय लग रहा था, लेकिन जैसे ही पुलिस ने लाश की पहचान की, सब चौंक गए। पढ़ें पूरी खबर… 2. शादी के दिन दोस्त की पत्नी पर आया दिल:शारीरिक संबंध भी बनाए मध्यप्रदेश क्राइम फाइल्स के पार्ट-1 में आपने पढ़ा…11 नवंबर 2013 की रात, चुनावी ड्यूटी के दौरान पुलिस को बरखेड़ा पठानी इलाके के एक खंडहर से एक युवक की अधजली लाश मिलने की सूचना मिली। शव पर गोली के निशान थे। तलाशी लेने पर जेब से 5 हजार रुपए, एक सोने की अंगूठी और गैस एजेंसी की एक पर्ची मिली। पढ़ें पूरी खबर…