गाजियाबाद में रविवार रात यूट्यूबर सलीम वास्तिक को 14 चाकू मारने वाला बदमाश एनकाउंटर में ढेर हो गया। लोनी थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए, उनके बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी है। जबकि अन्य 2 पुलिसवालों को भी गोली लगी है। यूट्यूबर पर हमले के बाद पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान लोनी थाना क्षेत्र में रविवार रात को बदमाश से उनका आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से करीब 10 मिनट तक 20 राउंड फायरिंग हुई। सीने में गोली लगते ही बदमाश घायल हो गया। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। जबकि 2 पुलिसवालों के हाथ में गोली लगी है। जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। मरने वाले बदमाश की पहचान जीशान निवासी नगला सैफी जिला अमरोहा के रूप में हुई है। जीशान ने ही इस्लाम धर्म छोड़ चुके यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर चाकू से हमला किया था। जीशान पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया- लोनी पुलिस और देहात स्वाट टीम के संयुक्त नेतृत्व में मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से हमले में इस्तेमाल चाकू, एक पिस्टल, कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। यूट्यूबर पर हमले की घटना के बाद सीएम योगी ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में अपराध की कोई जगह नहीं है। अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब जानिए क्या है मामला? इस्लाम धर्म छोड़ चुके यूट्यूबर को 14 चाकू मारे थे
इस्लाम धर्म छोड़ चुके यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर दिनदहाड़े ऑफिस में घुसकर जानलेवा हमला किया गया था। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए नकाबपोश हमलावरों ने सलीम पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गला रेतने की कोशिश की। चीखने पर हमलावर उन्हें अधमरा छोड़कर फरार हो गए। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे और परिवार को सूचना दी। परिजन सलीम को अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी) रेफर कर दिया गया। उनके शरीर पर सीने, पेट, गर्दन, बाजू और पैर में 14 जख्म हैं। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बेटे की शिकायत पर AIMIM नेता समेत 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। घटना पर सीएम योगी ने कहा था- कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यूपी में आतंक की कोई जगह नहीं है। सांसद मनोज तिवारी भी अस्पताल पहुंचे थे। वहीं, महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि के अस्पताल पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया था। सलीम यूट्यूब पर ‘सलीम वास्तिक 0007’ के नाम से चैनल चलाते हैं। इस्लाम, मदरसों की शिक्षा पर सवाल उठाते हैं। तीन हफ्ते पहले उन्हें वीडियो पोस्ट किया था। कहा था- मेरा फेसबुक-इंस्टाग्राम डिलीट कर दिया। 3.5 लाख फॉलोवर थे। ऐसे गुंडागर्दी से तुम लोग मुझे चुप नहीं करा सकते। इससे तुम्हारा मजहब सही नहीं हो जाएगा। तुम लोग मेरा कुछ नहीं कर पाओगे। जब तक BJP सरकार है। हिंदू ताकत में है।
ऑफिस में घुसकर हमलावरों ने चाकू मारे थे
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यूट्यूबर सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक (50) लोनी इलाके के अशोक विहार कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। इलाके में कुछ दूरी पर उनके दो मकान हैं। एक में उन्होंने अपना ऑफिस बना रखा है। दूसरे मकान में पत्नी और बेटे के साथ रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, सलीम शुक्रवार को ऑफिस में थे। उनके बेटे उस्मान ने बताया कि सुबह 9 बजे पापा ऑफिस में अकेले बैठे थे, तभी दो अज्ञात युवक हेलमेट पहनकर आए और हमला कर दिया। अंदर घुसते ही ताबड़तोड़ चाकू मारे। वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और शरीर से खून बहने लगा। इसी बीच बदमाश फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने देखा कि सलीम दर्द से कराह रहे थे। उन्होंने उन्हें उठाकर अस्पताल भिजवाया। उस्मान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इसमें उन्होंने अशफाक, सोनू, शाहरुख नेता, भाटी बिल्डर और एक स्थानीय AIMIM नेता अजगर को नामजद किया है। आरोप लगाया है कि इन लोगों ने ही सलीम की हत्या की साजिश रची थी। हिंदू संगठनों ने अस्पताल के बाहर दिया था धरना
हमले की सूचना मिलने पर हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी अपने समर्थकों के साथ जीटीबी अस्पताल के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गए थे। इस बीच, भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी मौके पर पहुंचे। पिंकी चौधरी से घटना की जानकारी ली थी। यूट्यबर के बारे में जानिए- ————— यह खबर भी पढ़िए… कौन हैं सलीम, जिनके लिए योगी बोले-हमलावरों को बख्शेंगे नहीं, खुद को EX मुस्लिम लिखा गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला किया गया। दिल्ली के गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल में उनका ऑपरेशन हुआ है। अब सवाल उठ रहे हैं कि यूट्यूबर को जान से मारने की कोशिश आखिर हुई क्यों? सलीम वास्तिक की पहचान तीन तलाक, हलाला जैसे इस्लामिक रिवाजों पर सवाल उठाने से बनी थी। उन्होंने इस्लाम को ‘विदेशी मजहब’ करार दिया था। पढ़ें पूरी खबर…
EX मुस्लिम यूट्यूबर को चाकू मारने वाला एनकाउंटर में ढेर:इंस्पेक्टर बाल-बाल बचे, 2 पुलिसवालों को लगी गोली; 20 राउंड फायरिंग
