करनाल में एक्सीडेंट में मां-बेटी की मौत:डंपर ने बाइक को टक्कर मारी; एक युवक घायल, स्पीकर हरविंद्र कल्याण मौके पर पहुंचे

Spread the love

करनाल में रविवार को हुए हादसे में बाइक सवार एक महिला और युवती की मौत हो गई। बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा करनाल के सेक्टर-9 क्षेत्र में हुआ, जहां बड़ा गांव की तरफ से आ रही बाइक को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण भी मौके पर रुके और एसपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। शवों को अस्पताल भेजा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक बड़ा गांव की ओर से आ रही थी। बाइक पर चालक के साथ 65 वर्षीय महिला और 15 वर्षीय किशोरी बैठी थी। इनको मां और बेटी बताया जा रहा है। जैसे ही बाइक सेक्टर-9 के पास पहुंची, पीछे से आ रहे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही 65 वर्षीय माता और 15 वर्षीय बेटी ट्राले के नीचे आ गईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक दूर जा गिरा और घायल हो गया। डंपर ड्राइवर मौके से फरार हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। बाइक सवार के पास फल की पॉलिथीन भी मिली है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि परिवार किसी रिश्तेदारी में जा रहा था। हरविंद्र कल्याण ने दिए सख्त निर्देश इसी दौरान वहां से गुजर रहे हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से बात की। हरविंद्र कल्याण ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। डंपर की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला और एक बेटी की जान चली गई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने एसपी करनाल से फोन पर बात कर तुरंत पुलिस को अलर्ट करने और आरोपी चालक को किसी भी नाके पर पकड़ने के निर्देश दिए हैं। ओवरस्पीडिंग पर जताई चिंता हरविंद्र कल्याण ने कहा कि सड़क पर चलने वाले बड़े वाहन चालकों को सतर्क रहना चाहिए। ओवरस्पीडिंग के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जो गंभीर लापरवाही है। उन्होंने पुलिस को इस मामले में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए और आम लोगों से अपील की कि अगर कहीं हादसा हो तो पीड़ितों की तुरंत मदद करें। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश जारी है।