जींद जिले के डाहोला गांव के पास शुक्रवार शाम को दो बाइकों की भिड़ंत में एक मिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शाहपुर निवासी 42 वर्षीय चांद चिनाई का मिस्त्री था। शुक्रवार शाम को वह बाइक पर सवार होकर मजदूरी कर अपने गांव लौट रहा था। जब वह डाहोला गांव के पास पहुंचा, तो सामने से एक व्यक्ति लापरवाही से बाइक चलाते हुए आया और उसने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चांद सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में छाया मातम मृतक चांद दो लड़कों और एक लड़की का पिता था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
जींद में डाहौला के पास दो बाइकों की टक्कर:घर लौट रहे चिनाई मिस्त्री की मौत; तीन बच्चों का पिता था
