पानीपत में टाइल कारीगर की करंट लगने से मौत:हाईटेंशन तार से टकराया लोहे का फीता, पत्नी बोलीं- पेमेंट मांगने गया था

Spread the love

पानीपत शहर की खटीक बस्ती में काम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक टाइल कारीगर की करंट लगने से जान चली गई। हादसा उस समय हुआ, जब कारीगर काम पूरा करने के बाद लोहे के फीते (मेजरिंग टेप) से साइज ले रहा था और वह पास से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। माप लेते समय हादसा मृतक की पहचान मोहम्मद उजैफा(23) के रूप में हुई है, जो टाइल और पत्थर लगाने का काम करता था। जानकारी के अनुसार, उजैफा खटीक बस्ती में एक मकान में टाइल लगाने का काम कर रहा था। काम खत्म करने के बाद जैसे ही उसने साइज लेने के लिए लोहे का फीता निकाला, वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट इतना शक्तिशाली था कि उजैफा बुरी तरह झुलस गया। डॉक्टरों ने मृत किया घोषित हादसे के बाद आनन-फानन में मकान मालिक उजैफा को लहूलुहान और झुलसी हुई हालत में अस्पताल लेकर पहुंचा। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पानीपत के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पत्नी का गंभीर आरोप, “पेमेंट मांगने गया था पति” हादसे के बाद मृतक की पत्नी ने मकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी का कहना है कि उजैफा की मजदूरी का पैसा काफी समय से रुका हुआ था और वह बार-बार मालिक से अपनी पेमेंट मांग रहा था, लेकिन मालिक पैसे नहीं दे रहा था। पत्नी के अनुसार, आज भी उजैफा विशेष रूप से अपनी रुकी हुई पेमेंट लेने के लिए ही घर से निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर आ गई। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।