फतेहाबाद जिले के गांव सालमखेड़ा से बड़ोपल लौटते समय युवकों का बाइक पेड़ से टकरा गया। इससे दोनों युवकों की मौत हो गई। इससे पहले हादसे के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें अग्रोहा रेफर कर दिया गया। मगर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, गांव बड़ोपल के अनुज (18) और राहुल (18) किसी काम से गांव सालमखेड़ा गए हुए थे। शुक्रवार देर रात दोनों बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल लेकर पहुंचे, मृत घोषित सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतक मजदूरी करने वाले परिवारों से थे। दोनों रिश्ते में मामा-भांजा लगते थे। सोमवार को डीसी से मिलेंगे ग्रामीण ग्रामीणों ने बताया कि इस रोड पर ये तीन-चार शीशम के पेड़ लगे हुए हैं। इनके कारण कई बार हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से इन पेड़ों को कटवाने की गुहार भी लगाई हुई है। मगर इस पर गंभीरता नहीं दिखाई गई। ग्रामीण सुंदर बड़ोपलिया ने बताया कि अब वे सोमवार को डीसी से मिलकर पेड़ कटवाने की मांग करेंगे।
फतेहाबाद में पेड़ से टकराई बाइक, मामा-भांजे की मौत:दोनों काम से सालमखेड़ा गए थे; ग्रामीण बोले- सोमवार को डीसी से मिलेंगे
