करनाल की सीएचसी में जमकर चले ईंट-पत्थर:इमरजेंसी कक्ष का दरवाजा तोड़ भिड़े दो पक्ष; SMO बोले- पुलिस सुरक्षा चाहिए

Spread the love

करनाल जिले में घरौंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आधी रात दो पक्षों के बीच फिर से झगड़ा हो गया। आपातकालीन कक्ष के पट्टी कक्ष में ईंट-पत्थर चलने से दरवाजा टूट गया और ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ का काम प्रभावित हुआ। दोनों पार्टियां अस्पताल में मेडिकल करवाने के लिए पहुंची थी। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने थाना में शिकायत देकर सख्त कार्रवाई और रात की ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी तैनात करने की मांग की है। रात 12:25 बजे पहुंचे थे दोनों पक्ष सीएचसी घरौंडा के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी प्रशांत राणा ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत में बताया कि 25 फरवरी की रात करीब 12 बजकर 25 मिनट पर वार्ड नंबर 06 घरौंडा के आकाश लड़ाई-झगड़े में घायल होने के बाद कुछ अन्य लोगों के साथ एमएलआर कटवाने और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा था। कुछ देर बाद गांव कोहंड का अनुज भी अपने साथियों के साथ एमएसआर के लिए आपातकालीन कक्ष में आ गया। दोनों पक्ष आमने-सामने हुए, तो पट्टी कक्ष में दोबारा झगड़ा शुरू हो गया। टूटा इमरजेंसी कक्ष का दरवाजा शिकायत के अनुसार झगड़े के दौरान दोनों ओर से ईंट और पत्थर फेंके गए। इससे आपातकालीन कक्ष का दरवाजा टूट गया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सा अधिकारी और अन्य स्टाफ का काम भी बाधित हुआ। अस्पताल प्रशासन ने इसे सरकारी संपत्ति को नुकसान और सरकारी कार्य में बाधा बताया है। एसएमओ ने की सख्त कार्रवाई की मांग सीएचसी घरौंडा के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी प्रशांत राणा ने पत्र में दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। साथ ही कहा कि रात की ड्यूटी के दौरान चिकित्सा अधिकारी और स्टाफ की सुरक्षा के लिए एक पुलिसकर्मी को आपातकालीन कक्ष में तैनात किया जाए। पुलिस ने किया केस दर्ज थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि एसएमओ की तरफ से शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों पार्टियों को थाने में बुलाया जाएगा और ब्यान दर्ज किए जाएंगे। तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।