सोनीपत के गोहाना शहर में बीती रात शराब के नशे में धुत एक युवक ने कार से शादियों में चलने वाली घोड़ी-बग्गियों को टक्कर मारकर तहस-नहस कर दिया। आरोप है कि शराब के नशे में जानबूझ कर नुकसान पहुंचाया गया है। घटना की पूरी वारदात पास लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें कार ड्राइवर बारी-बारी से अलग-अलग बग्गियों को टक्कर मार रहा है। घटना देर रात की बताई जा रही है, जब शहर के एक इलाके में कई बग्गियां खड़ी थीं। वहीं पुलिस को मामले की शिकायत दी गई है और कार्रवाई की मांग के साथ-साथ नुकसान की भरपाई की मांग की गई। पुलिस मामले में जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक तेज रफ्तार कार में मौके पर पहुंचा और पहले वहां मौजूद मजदूरों के साथ कहासुनी की। इसके बाद उसने गुस्से में आकर कार सीधे बग्गियों पर चढ़ा दी। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसकी फुटेज अब सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना की अलग-अलग तस्वीर देखिए… सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
मौके पर लगे कैमरों में साफ दिखाई दे रहा है कि कार चालक बार-बार घोड़ी-बग्गियों को टक्कर मार रहा है। फुटेज में बग्गियों के टूटने और वहां खड़े लोगों के इधर-उधर भागने के दृश्य भी नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लोग हट नहीं जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद आरोपी कार समेत मौके से फरार हो गया। पीड़ित सुरेंद्र का छलका दर्द
घोड़ी-बग्गी मालिक सुरेंद्र ने मीडिया के सामने रोते हुए बताया कि उनकी दो बग्गियां पूरी तरह से टूट चुकी हैं। उन्होंने कहा, “मेरा रोजी-रोटी का यही एक साधन है। शादी-ब्याह के सीजन में पहले से बुकिंग थी, अब सब प्रभावित हो गया। लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।” सुरेंद्र के अनुसार, बग्गियों की मरम्मत में भारी खर्च आएगा और ग्राहकों को जवाब देना भी मुश्किल हो गया है।
पुलिस में शिकायत, समझौते के आरोप
सुरेंद्र ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वे पुलिस में शिकायत देने पहुंचे तो उन्हें फोन कर वापस बुलाया गया और नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया गया। लेकिन बाद में आरोपी पक्ष कथित तौर पर मुकर गया और कहा कि “जो करना है कर लो।” पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना को अंजाम देने वाला युवक एक स्थानीय डॉक्टर का बेटा है।
सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गोहाना में नशे में धुत कार ड्राइवर का तांडव,VIDEO:डॉक्टर के बेटे पर आरोप, गाड़ी से टक्कर मारकर शादी की बग्गियां तोड़ीं; CCTV में कैद
