22 हजार से अधिक छात्र दे रहे परीक्षा:जबलपुर में 104 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में हो रहा एग्जाम

Spread the love

मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल परीक्षा आज से शुरू हो गई है। परीक्षा 9 बजे शुरू हुई है और दोपहर 12 बजे तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को सुबह 8:40 बजे तक प्रवेश दिया गया, जिसके बाद प्रवेश बंद कर दिया गया। जबलपुर जिले में नियमित छात्रों के लिए 100 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 22,198 छात्र इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त, प्राइवेट छात्रों के लिए 4 अलग परीक्षा केंद्र बनाए गए, जिन पर 890 छात्र परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए सख्त प्रबंध किए गए थे। मोबाइल फोन, डिजिटल वॉच या किसी भी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्रों पर पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया। जिला स्तर पर गठित निरीक्षण दल लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं। केंद्रों पर की गईं व्यापक व्यवस्थाएं रानी दुर्गावती स्कूल गढ़ा के परीक्षा केंद्र अधीक्षक ध्रुव गोहलानी ने बताया कि छात्रों को तनावमुक्त और भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। स्कूल शिक्षा विभाग की गाइडलाइन के अनुसार यह सुनिश्चित किया गया कि सभी छात्र शांत और सुरक्षित माहौल में परीक्षा दें, जिससे वे बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकें। परीक्षा देने वाली 10वीं की छात्रा शिफा खान ने बताया कि अंग्रेजी का पेपर 75 अंकों का होता है और उनका लक्ष्य पूरे अंक प्राप्त करना है, हालांकि थोड़ी घबराहट भी है। छात्र ओवैस मंसूरी ने कहा कि उनकी तैयारी अच्छी थी, इसलिए उन्हें घबराहट नहीं हुई। उन्होंने यह भी बताया कि अंग्रेजी के अंक अच्छे प्रतिशत के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। एक अन्य छात्र राज मेहरा ने कहा कि तैयारी पूरी होने के बावजूद बोर्ड परीक्षा होने के कारण हल्की चिंता बनी रहती है।