रोहतक में हिमांशु भाऊ व बाबा गैंग के बीच गैंगवार:ताबड़तोड़ फायरिंग में सन्नी रिटोलिया के गुर्गे की मौत, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

Spread the love

रोहतक में दिल्ली बाईपास स्थित आईजी ऑफिस से महज 50 मीटर दूर गैंगवार देखने को मिली। नोबल हार्ट अस्पताल के बाहर 3 बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। गोलियां लगने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरा मामला वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। मृतक की पहचान गांव निजामपुर माजरा जिला सोनीपत निवासी दिनेश उर्फ गोगा के रूप में हुई, जो गांव रिटोली के बाबा गैंग का सदस्य है। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश हिमांशु भाऊ गैंग के सदस्य होने की आशंका है, क्योंकि बाबा गैंग व भाऊ गैंग के बीच 2019 से दुश्मनी चलती आ रही है। दोनों गैंगों के बीच अब तक 6 मर्डर हो चुके हैं। सीसीटीवी में हथियारों के साथ दिखा बदमाश
अस्पताल के बाहर लगे सीसीटीवी में दो युवक चिप्स व कोल्ड ड्रिंक लेकर जाते दिख रहे हैं। उनके पीछे से एक युवक आया और गोली मारकर भाग गया। इसके बाद दो युवक आए और वहीं खड़े होकर लगातार गोलियां चलाते रहे। इसमें एक युवक के दोनों हाथों में हथियार दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें वह बाद में जेब के अंदर रख लेता है। मृतक के शरीर पर 20 से अधिक गोलियों के निशान
मृतक दिनेश उर्फ गोगा के शरीर को गोलियों से छलनी किया गया है। दिनेश की पेट व छाती पर 20 से अधिक गोलियों के निशान देखने को मिले। जबकि चेहरे पर भी गोलियों के निशान दिख रहे हैं। अचानक पीछे से हुए हमले के कारण दिनेश को संभलने का मौका नहीं मिला था। आरोपी वारदात को अंजाम देकर आराम से पैदल ही मौके से निकल गए। गोलियों की आवाज सुनकर घबरा गया
अस्पताल के साथ लगती दुकान के मालिक ने बताया कि वह दुकान के अंदर था। अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। बाहर झांक कर देखा तो दो युवक गोलियां चला रहे थे। यह देखकर वह घबरा गया और दुकान में काउंटर के पीछे बैठ गया। जब आरोपी चले गए तो उसने वहां एक युवक का शव पड़ा देखा। 2 मार्च 2022 को बाबा गैंग ने हिमांशु भाऊ के चचेरे भाई की हत्या की
गांव रिटोली के सक्रिय दो गैंग हिमांशु भाऊ व बाबा गैंग के बीच पहला मर्डर 2 मार्च 2022 को हुआ था। इस दिन बाबा गैंग के सदस्यों ने हिमांशु भाऊ के चचेरे भाई रोहित उर्फ बजरंग की हत्या की थी। उसके साथ रोहित के दोस्त राजेंद्र उर्फ माडू को भी मार दिया था। हिमांशु भाऊ ने लिया चचेरे भाई की मौत का बदला
चचेरे भाई की मौत का बदला हिमांशु भाऊ ने मात्र 5 दिन बाद ही ले लिया। हिमांशु भाऊ ने 7 मार्च 2022 को बाबा गैंग के सदस्य हंसराज उर्फ हंसे की बस अड्डे पर बस में घुसकर हत्या की थी। इसके बाद 2 जून 2025 को अंकित उर्फ बाबा के चाचा अनिल कुमार की गांव रिटोली के बाहर फायरिंग करके हत्या करवाई गई। 19 दिसंबर 2025 को शराब ठेके पर सन्नी रिटोलिया पर हुई फायरिंग
गैंगवार के दौरान 19 दिसंबर 2025 को गांव रिटोली के शराब ठेके पर अंकित उर्फ बाबा के भाई सन्नी रिटोलिया पर हिमांशु भाऊ गैंग ने फायरिंग की। इस मामले में हिमांशु भाऊ गैंग का एक सदस्य मारा गया। मृतक झज्जर का रहने वाला दीपांशु था। गैंगवार में 16 फरवरी 2026 को बाबा गैंग के सदस्य दिनेश उर्फ गोगा की हत्या हुई है। मृतक का आज करवाया जाएगा पोस्टमॉर्टम
मामले की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि मृतक दिनेश के शव को रात के समय डेड हाउस में रखवा दिया था। आज मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं, सीसीटीवी को कब्जे में लिया है। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।