सोनीपत में दिग्विजय चौटाला का सरकार पर तंज:भाजपा की नीतियों को बताया जनविरोधी, बोले- प्रदेश को बनाया लूट का अड्डा

Spread the love

सोनीपत जिले के गांव बड़वासनी के नजदीक स्थित एक निजी गार्डन में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) द्वारा युवा योद्धा जिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में जिलेभर से युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, युवाओं को राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने और मौजूदा सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया गया।
युवा योद्धा सम्मेलन, संगठन विस्तार पर जोर गांव बड़वासनी के समीप आयोजित इस जिला सम्मेलन में युवाओं की भागीदारी देखने को मिली। मंच से संबोधित करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी का आधार युवाओं की ताकत है और आने वाले समय में युवा ही प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। भाजपा की नीतियां विभाजनकारी, हर वर्ग आहत : दिग्विजय चौटाला दिग्विजय चौटाला ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों को विभाजनकारी बताते हुए कहा कि मौजूदा सरकार की नीतियों से प्रदेश का हर वर्ग आहत है। उन्होंने कहा कि आज का युवा भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट होना शुरू हो गया है और बदलाव का मन बना चुका है। पेंशन कटौती और लाडो लक्ष्मी योजना पर सरकार को घेरा दिग्विजय चौटाला ने कहा कि बुजुर्गों की पेंशन काटे जाने से बुजुर्ग वर्ग में भारी रोष है। वहीं महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये न मिलने से महिलाएं भी भाजपा के खिलाफ खड़ी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है, जिसका जवाब जनता समय आने पर देगी। सर्व हरियाणा जन चेतना दिवस के रूप में मनेगा अजय सिंह चौटाला का जन्मदिन दिग्विजय चौटाला ने जेजेपी सुप्रीमो डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन 13 फरवरी को ‘सर्व हरियाणा जन चेतना दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर हांसी में एक बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से लोग जुटेंगे। जनता सर्वोपरि, सत्ता जनता के हाथ में : दिग्विजय दिग्विजय चौटाला ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है। जनता ही तय करती है कि किसे सत्ता में बैठाना है और किसे घर भेजना है। उन्होंने कहा कि जब जनता जाग जाती है तो सत्ता का समीकरण बदलने में देर नहीं लगती।दिग्विजय चौटाला ने पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने बुढ़ापा पेंशन, जच्चा-बच्चा योजना और किसानों की कर्ज माफी जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए। इसके बावजूद जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर किया और फिर उसी जनता ने उन्हें दोबारा उठाकर उपप्रधानमंत्री के पद तक पहुंचाया। इससे साफ है कि जनता सब देखती है और सही समय पर फैसला लेती है। प्रदेश में लूट और दुर्दशा के लिए भाजपा जिम्मेदार उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता से मिले मौके का दुरुपयोग किया है और प्रदेश में दोनों हाथों से लूट मचा रखी है। आज हरियाणा की जो दुर्दशा है, उसके लिए पूरी तरह भाजपा जिम्मेदार है। उन्होंने एचपीएससी चेयरमैन पद पर बिहार के व्यक्ति की नियुक्ति को प्रदेश विरोधी कदम बताया। बुढ़ापा पेंशन देवीलाल की देन, कटौती का खामियाजा भुगतेगी भाजपा बुढ़ापा पेंशन पर बोलते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यह पेंशन चौधरी देवीलाल ने बुजुर्गों के सम्मान के लिए शुरू की थी। इसके बाद कई सरकारें आईं, लेकिन किसी ने इसे काटने की हिम्मत नहीं की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी एक बार ऐसा प्रयास किया था, जिसे जेजेपी ने रुकवाया। अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेंशन काटे जाने का खामियाजा भाजपा को आने वाले समय में भुगतना पड़ेगा।