हांसी स्थित दयाल सिंह कॉलोनी निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई। परिजनों ने सिसाय पुल के पास स्थित सुभाष नर्सिंग होम के चिकित्सक पर लापरवाही और एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। 22 वर्षीय मृतक करमद्दीन पुत्र बलबीर को हल्की सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। 2 फरवरी को उसके पिता बलबीर उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाकर आए थे। पिता बलबीर ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद करमद्दीन की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उनकी शिकायत है कि हालत गंभीर होने के बावजूद उसे समय पर उचित उपचार नहीं मिला और गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे उसकी मौत हो गई। एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाने का आरोप परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही के कारण और संभवतः एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाने से युवक की जान चली गई। करमद्दीन की शादी इसी साल 4 जनवरी 2026 को हुई थी। वह अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। किला बाजार चौकी से एएसआई मनीष कुमार ने बताया कि उन्हें परिजनों की शिकायत मिली है। शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रारंभिक मेडिकल राय के अनुसार मौत हार्ट अटैक से होने की संभावना जताई गई है, लेकिन अंतिम निर्णय पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही लिया जाएगा। रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक के पिता बलबीर ने मुख्यमंत्री नायब सैनी और ऊर्जा मंत्री अनिल विज से इस मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
हांसी में संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत:परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप, बोले- एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाया
