रोहतक में भाजपा कार्याकर्ता से हाथापाई:धार्मिक स्थल हटाने को लेकर हुई कहासुनी, रेलवे की जमीन पर बनाई जानी है सड़क

Spread the love

रोहतक के बजरंग भवन फाटक के पास रेलवे की जमीन पर सड़क बनाने का प्रस्ताव पास है, जिसे लेकर नगर निगम ने काम शुरू कर दिया है। रेलवे की जमीन पर एक मंदिर बना हुआ है। भाजपा कार्यकर्ता ने मंदिर को अवैध बताया तो दो पक्षों में विवाद हो गया। झगड़े में भाजपा कार्यकर्ता को भी चोट लगी है। मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा, जिसके बाद मामला शांत हुआ। रेलवे की जमीन पर बने मंदिर को अवैध बताते हुए भाजपा कार्यकर्ता मोहित धनवंतरी ने आवाज उठाई, ताकि यहां पर चौड़ी सड़क बन सके। वहीं, मंदिर कमेटी के सदस्यों ने मीटिंग करके मंदिर को न हटाने का प्रस्ताव पास कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। झगड़े के दौरान दोनों तरफ से एक दूसरे को लात घुसे मारे गए, जिसमें दोनों पक्षों को चोट भी लगी है। इस दौरान पुलिस को बुलाना पड़ा। मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले को शांत करवाया। हालांकि दोनों तरफ से अभी कोई लिखित में शिकायत नहीं दी गई है। विरोध ना करने का मंदिर वाले बना रहे दबाव : मोहित भाजपा कार्यकर्ता मोहित धनवंतरी ने बताया कि मंदिर कमेटी के लोग लगातार उसके ऊपर दबाव बना रहे हैं कि वह मंदिर को लेकर विरोध ना करें। प्रशासन भी प्रभावशाली लोगों के दबाव में नजर आ रहा है। हर शनिवार व मंगलवार को मंदिर के बाहर सड़क पर भीड़ होती है, जिस कारण कभी भी हादसा हो सकता है। मोहित धनवंतरी ने बताया कि मंदिर अवैध रूप से बनाया गया है, जो शहर के विकास में बाधा बन रहा है। मंदिर की मूर्तियों को साथ लगते बजरंग भवन मंदिर में शिफ्ट करना चाहिए, ताकि अवैध निर्माण भी हट जाए और देवी देवताओं की मूर्तियों को उचित स्थान भी मिल सके। मोहित धनवंतरी ने शुरू की मारपीट : जतिन मंदिर कमेटी के सदस्य जतिन अरोड़ा ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता मोहित धनवंतरी मंदिर के सेवादारों को परेशान कर रहा है कि मंदिर हटना चाहिए, मेरे ऊपर शनि की दशा पड़ रही है। नगर निगम टीम आई थी, जिन्होंने कहा कि मंदिर सात फुट के अंदर बना लो ताकि रास्ता बच जाए। जतिन अरोड़ा ने बताया कि मोहित धनवंतरी मंदिर को हटाने की बात पर अड़ा हुआ है। जब उसे समझाने का प्रयास किया तो मोहित ने मारपीट की। मोहित धनवंतरी ने अवैध रूप से पार्किंग बना रखी है और चार मंजिला बिल्डिंग खड़ी कर रखी है जिसकी कोई एनओसी भी नहीं है। पूरी शिकायत पुलिस को दी जाएगी।