हरियाणा के नूंह जिले में जनस्वास्थ्य विभाग से पंप ऑपरेटर के पद से सेवानिवृत्त हुए चंद्रसेन सैनी के जीवन का सबसे खुशी का दिन परिवार के लिए सबसे बड़ा सदमा बन गया। शनिवार को विभाग से सम्मानपूर्वक विदाई लेने के बाद वह अपने पुनहाना स्थित घर पहुंचे। घर पहुंचने के कुछ ही समय बाद चंद्रसेन सैनी को अचानक दिल का दौरा पड़ा। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। इस हृदय विदारक घटना से पूरे मोहल्ले और विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन बोले- चंद्रसेन पूरी तरह स्वस्थ थे परिजनों के अनुसार, चंद्रसेन सैनी पूरी तरह स्वस्थ थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह परिवार के सदस्यों के साथ भविष्य की योजनाओं और रिटायरमेंट पार्टी की बातों में व्यस्त थे। परिवार 9 फरवरी को रिटायरमेंट पार्टी और पौत्र जन्म के उपलक्ष्य में कुआं पूजन कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा हुआ था। हाल ही में उनके घर पौत्र का जन्म हुआ था, जिससे घर में उत्सव जैसा माहौल था। एक सप्ताह के भीतर खुशियों की किलकारियों से गूंजता घर अब सन्नाटे में बदल गया है। चंद्रसेन सैनी को विभाग में एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और सरल स्वभाव के कर्मचारी के रूप में जाना जाता था। उनके असामयिक निधन पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पब्लिक हेल्थ कर्मी की रिटायरमेंट के दिन मौत:नूंह में विदाई के बाद घर पहुंचते ही आया हार्टअटैक; 8 दिन बाद पार्टी रखी थी
