झज्जर जिले के गांव परनाला में एक युवक का शव फंदे पर लटका हुआ मिला है। युवक ने यह कदम मानसिक परेशानी के चलते उठाया या फिर इसके पीछे अन्य कोई वजह रही, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। बताया गया है कि मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। मृतक की पहचान फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी (32) राहुल के रूप में हुई है। राहुल गांव परनाला में किराए के मकान पर रहता था और मॉर्डन इंडस्ट्रियल एस्टेट (एमआईई) पार्ट वन स्थित एक फुटवियर कंपनी में काम करता था। मृतक राहुल के चाचा विवेक ने बताया कि वे मकान में तीसरी मंजिल पर रहते हैं। सुसाइड नोट में लिखा जेब में रुपए हैं, मां को दे देना शनिवार की सुबह वे सभी ड्यूटी पर चले गए। देर शाम जब वापस आए तो देखा कि राहुल का शव फंदे पर लटका हुआ था। विवेक के अनुसार, राहुल के पास एक नोट भी मिला है, जिसमे उसने अपनी मर्जी से खुदखुशी की बात कही है। साथ ही जेब में जो 20 हजार रुपए है वह उसकी मां को देने की बात कही है। राहुल ने यह कदम क्यों उठाया और क्या कारण इसका किसी को कुछ पता नहीं है। कुछ दिन बाद जाने वाला था घर राहुल के चाचा विवेक ने बताया कि, राहुल ने कंपनी से अपना हिसाब भी ले लिया था और घर जाने वाला था। मगर उससे पहले ही यह कदम उठा लिया। राहुल एक बच्चे का पिता था। मामले में क्या कुछ सच्चाई इसका सही पता तो परिजनों के बयान दर्ज होने और पुलिस जांच के बाद स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस द्वारा इस संबंध में आगामी कार्रवाई की जा रही थी।
झज्जर में युवक ने किया सुसाइड:मानसिक रुप से परेशान, सुसाइड नोट में लिखा- जेब में 20 हजार, मां को दे देना रुपए
