सिरसा में वाहन की टक्कर से युवक की मौत:बाइक पर घर लौट रहा था अविवाहित; मौके से ड्राइवर फरार

Spread the love

सिरसा जिले के डबवाली खंड में शनिवार देर शाम एक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। लोहगढ़ और सकताखेड़ा गांवों के बीच एक अज्ञात कार ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। डॉक्टरों ने मृत किया घोषित मृतक की पहचान पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले के फताखेड़ा गांव के अमनदीप (27) पुत्र बूटा सिंह के रूप में हुई है। राहगीरों ने अमनदीप को तुरंत डबवाली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमनदीप जेसीबी ड्राइवर का काम करता था। वह इन दिनों डबवाली क्षेत्र के सकताखेड़ा गांव में पानी की पाइपलाइन डालने के कार्य में लगा हुआ था। शनिवार शाम काम खत्म कर वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस हादसे की सूचना मिलते ही अमनदीप के परिजन और फताखेड़ा गांव के लोग डबवाली के सरकारी अस्पताल पहुंचे। अमनदीप अविवाहित था और उसके एक भाई व एक विवाहित बहन है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। मृतक के पिता बूटा सिंह के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।