हिसार में ट्राले की टक्कर से बेटे की मौत:पिता गंभीर घायल, कार ने मारी बाइक को टक्कर, मंडी जा रहे थे दोनों

Spread the love

हिसार जिले के देवा गांव के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका पिता गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक युवक की पहचान फतेहाबाद जिले के गांव जांडली खुर्द निवासी प्रवीन के रुप में हुई है, जबकि घायल का नाम बिल्लू है। दोनों बाइक पर सवार होकर सिवानी मंडी जा रहे थे। हादसा उस समय हुआ, जब वे एक ट्राले को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक असंतुलित होकर ट्राले से भिड़ गई। इस हादसे में प्रवीन की मौके पर ही मौत हो गई। सीवर लाइन बिछाने का लिया था ठेका हादसे में प्रवीन के पिता बिल्लू को सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं प्रवीन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि बिल्लू ने सिवानी मंडी में सीवरेज बिछाने का ठेका लिया हुआ था। पिछले दो दिनों से काम बंद था और शनिवार को वे काम के सिलसिले में सिवानी मंडी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।