कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में कोहरे के बीच तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 19 साल के जूडो-कराटे खिलाड़ी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों दोस्त एकेडमी में ट्रेनिंग करके घर लौट रहे थे। मृतक खिलाड़ी की पहचान एकांत निवासी जोगी माजरा के रूप में हुई। एकांत लाडवा की भरपूर कॉलोनी यूथ स्पोर्ट्स एकेडमी में पिछले करीब 1 साल से जूडो-कराटे की कोचिंग ले रहा था। एकांत 11वीं क्लास में पढ़ता था। एकांत 2 बहनों का इकलौता भाई था। उसका दोस्त रोहन निवासी गुढ़ा भी उसके साथ ही ट्रेनिंग ले रहा था। चाचा से आगे चल रहा था भतीजा जसबीर सिंह निवासी जोगी माजरा ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि वह टाइल्स लगाने का काम करता है। उसने गांव धनौरा जाटान में ठेका लिया हुआ था। बीती शाम वह काम खत्म करके अपनी बाइक पर गांव लौट रहा था। रास्ते में उसका भतीजा एकांत अपनी बाइक पर अपने दोस्त रोहन को पीछे बैठाकर एकेडमी से घर जा रहा था। ऑल्टो कार ने मारी टक्कर धुंध ज्यादा होने की वजह से दोनों अपनी-अपनी साइड में चल रहे थे। गांव दुगारी पहुंचते ही सामने से एक सफेद अल्टो कार तेज स्पीड में आई और एकांत की बाइक से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही एकांत और रोहन बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और जख्मी हो गए। उसने बाइक रोककर दोनों को संभाला। इलाज के दौरान तोड़ा दम हादसे के बाद राहगीरों ने सरकारी एम्बुलेंस को फोन किया। वह तुरंत उनको लाडवा के सरकारी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने एकांत को मृत घोषित कर दिया। रोहन बेहोश था, इसलिए उसे कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। कार ड्राइवर मौके से फरार हादसे के बाद आरोपी ऑल्टो कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने जसबीर सिंह की शिकायत पर कार नंबर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुरुक्षेत्र में जूडो-कराटे खिलाड़ी की एक्सीडेंट में मौत:2 बहनों का इकलौता भाई, कार ने बाइक को मारी टक्कर, पीछे बैठा दोस्त भी घायल
