घर में लगी आग, महिला बेहोश, 3 बच्चे झुलसे:पलवल अस्पताल में भर्ती, शॉर्ट सर्किट से हुई घटना, पड़ोसियों ने पाया काबू

Spread the love

पलवल जिले में कैंप थाना क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से एक परिवार के पांच सदस्य झुलस कर बेहोश हो गए। घटना के समय पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे घर में सो रहे थे। पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। बता दे कि आदर्श कॉलोनी के रहने वाले 50 वर्षीय राजेश अपने परिवार के साथ रहते हैं। राजेश ने बताया कि रात डेढ़ बजे वह अपनी पत्नी लक्ष्मी, बेटों लखन, हर्ष, ललित और बेटी चंचल के साथ सो रहे थे। अचानक घर के नीचे खड़ी उनकी दो स्कूटियों में आग लग गई, जिससे पूरा घर धुएं की चपेट में आ गया।
पत्नी हुई बेहोश बच्चे झुलसे धुएं के कारण राजेश की नींद खुली। उन्होंने आग देखकर शोर मचाया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं और लपटों के कारण राजेश और लक्ष्मी बेहोश हो गए, जबकि बच्चे झुलस गए।
पड़ोशियों ने पाया आग पर काबू शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद लक्ष्मी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।