हरियाणा में कड़ाके की ठंड के बीच अब मौसम ने एक बार फिर से करवट ले ली है। सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के 18 जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है, जिससे तापमान में और गिरावट आने और ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में आज बारिश ज्यादा असर दिखा सकती है, जबकि पश्चिमी जिलों में ठंड और शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात (नूंह) में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जैसे कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान औसतन सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई है। अधिकतम तापमान में जरूर हल्की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से नीचे चल रहा है। राजस्थान से सटे इलाकों में शीतलहर चल रही
मौसम विभाग ने हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद और सिरसा में कोल्ड वेव (शीतलहर) को लेकर चेतावनी जारी की है। सुबह से ही इन इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। इन जिलों में रात और सुबह के समय ठंड ज्यादा असर दिखा सकती है। साथ ही, जिन इलाकों में बारिश की संभावना है वहां तेज हवाओं और गरज-चमक का भी असर देखा जा सकता है। 2 से 5 डिग्री के बीच न्यूनतम तापमान
राज्य में न्यूनतम तापमान अभी भी कड़ाके की ठंड का संकेत दे रहा है। कई जिलों में पारा 2 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा ठिठुरन महसूस की गई। वहीं अधिकतम तापमान में बीते दिन की तुलना में लगभग 1 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से नीचे है। अधिकतम तापमान ज्यादातर जिलों में 18 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दिन में हल्की धूप मिलने पर ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन बादल और हवा के कारण शाम होते-होते ठंड फिर से बढ़ेगी।
हरियाणा में आज हल्की से तेज बारिश के आसार:IMD का 18 जिलों में अलर्ट; शीतलहर से बढ़ेगी ठिठुरन, धुंध भी लौटेगी
